Edited By Vijay, Updated: 26 Sep, 2026 04:12 PM

जापान के एची-नगोया शहर में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के उपमंडल जोगिंद्रनगर के धावक सावन बरवाल ने इतिहास रच दिया है। सावन ने पुरुष मैराथन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया और देश व प्रदेश का मान...
जोगिंद्रनगर (अमिता): जापान के एची-नगोया शहर में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के उपमंडल जोगिंद्रनगर के धावक सावन बरवाल ने इतिहास रच दिया है। सावन ने पुरुष मैराथन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया और देश व प्रदेश का मान बढ़ाया है।
इस मैराथन स्पर्धा में सावन ने 2 घंटे 11 मिनट 37 सैकेंड का समय दर्ज किया। यह न केवल उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है, बल्कि उन्होंने इसके साथ ही एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी स्थापित किया है। सावन की इस अहम उपलब्धि के साथ एशियन गेम्स की मैराथन स्पर्धा में भारत का 44 वर्षों का लंबा इंतजार समाप्त हो गया है। भारत ने इससे पहले वर्ष 1982 में दिल्ली एशियन गेम्स की मैराथन में पदक हासिल किया था।
अंतर्राष्ट्रीय मंच पर सावन की इस अभूतपूर्व सफलता से उनके गृह क्षेत्र जोगिंद्रनगर सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर है। जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा, पूर्व मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र पाल ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज जम्वाल और उनके एथलेटिक्स कोच गोपाल ठाकुर ने इस ऐतिहासिक जीत पर उन्हें हार्दिक बधाई दी है।
सभी गणमान्य लोगों ने इसे प्रदेश के लिए एक अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण बताया। इसके साथ ही, जोगिंद्रनगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष भास्कर गुप्ता ने सावन को बधाई देते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उनकी यह अप्रत्याशित सफलता क्षेत्र के उभरते हुए युवा खिलाड़ियों के लिए एक मजबूत प्रेरणास्रोत बनेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें