Edited By Vijay, Updated: 11 Jul, 2026 03:42 PM

हिमाचल प्रदेश के सोलन में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपने सगे भाई और दोस्त के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी की हत्या की खौफनाक साजिश रची।
सोलन (अमित): हिमाचल प्रदेश के सोलन में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपने सगे भाई और दोस्त के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी की हत्या की खौफनाक साजिश रची। घूमने के बहाने महिला को उत्तर प्रदेश से सोलन लाया गया, जहां सुनसान इलाके में उसका गला रेतने के बाद 80 से 100 मीटर गहरी खाई में धकेल दिया गया। गनीमत यह रही कि महिला की जान बच गई और एक सतर्क चश्मदीद की वजह से सोलन पुलिस ने महज आधे घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी राज कुमार चंदेल ने बताया कि यह घटना बीते 10 जुलाई की रात करीब साढ़े 8 बजे की है। एक प्रत्यक्षदर्शी देहुंघाट से अपने घर लौट रहा था। पंच परमेश्वर मंदिर से पहले उसने सड़क किनारे 3 युवकों को एक महिला के साथ देखा। शुरूआत में उसे यह सामान्य लगा, लेकिन आगे जाने पर उसे शक हुआ कि युवक महिला का गला दबा रहे हैं। जब उसने अपना वाहन वापस मोड़ा तो देखा कि तीनों ने महिला को गहरी ढांक में धक्का दे दिया और खुद पैदल नगाली की ओर भाग निकले। मौके पर पैरापिट के पास खून के निशान देखकर चश्मदीद ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी सपरून और थाना सदर सोलन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर तुरंत रैस्क्यू अभियान शुरू किया। हैरानी की बात यह रही कि गला रेतने और इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद महिला झाड़ियों के सहारे नीचे बाईपास सड़क तक पहुंच गई थी। लहूलुहान हालत में उसे तुरंत सिविल अस्पताल सोलन ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत के चलते उसे आईजीएमसी शिमला रैफर कर दिया है।
वहीं वारदात को अंजाम देकर आरोपी उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते तीनों को घटना के करीब आधे घंटे के भीतर नगाली के समीप दबोच लिया गया। आरोपियों की पहचान दलीप कुमार (28), दलीप का सगा भाई शिवम (20) निवासी जिला बहराइच (उत्तर प्रदेश) और दलीप का दोस्त मदन कुमार (28) निवासी जिला गौंडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में की गई है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी पति दलीप कुमार का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी के चलते दलीप ने अपने सगे भाई शिवम और दोस्त मदन कुमार के साथ मिलकर पत्नी को मौत के घाट उतारने की योजना बनाई। साजिश के तहत वे महिला को उत्तर प्रदेश से सोलन घुमाने लाए। यहां मौका पाकर पहले महिला के गले पर चाकू से वार किया गया और फिर उसे गहरी खाई में धक्का दे दिया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर सोलन में बीएनएस की धारा 109 और 3(5) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड मांगेगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन आरोपियों का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड तो नहीं है। मामले की गहनता से जांच जारी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें