Edited By Vijay, Updated: 24 Sep, 2026 03:27 PM

शहर के जीरो चौक (बीबीएमबी चौक के समीप) पर ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद में एक हिट-एंड-रन का मामला सामने आया है। एक तेज रफ्तार जीप चालक ने एक कार को कथित तौर पर जानबूझकर दो बार टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया।
सुंदरनगर (सोढी): शहर के जीरो चौक (बीबीएमबी चौक के समीप) पर ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद में एक हिट-एंड-रन का मामला सामने आया है। एक तेज रफ्तार जीप चालक ने एक कार को कथित तौर पर जानबूझकर दो बार टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में कार सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है, हालांकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार अरुण कुमार निवासी गांव साईं, डाकघर जुगाहण, तहसील सुंदरनगर अपने भाई अक्षय कुमार, विशाल और साहिल के साथ किसी निजी काम से बीबीएमबी कालोनी आए थे। रात करीब 10:20 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तब जीरो चौक के पास उनके भाई अक्षय ने आगे चल रही एक जीप को ओवरटेक किया। आरोप है कि ओवरटेक किए जाने के बाद जीप चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए उनकी कार को चालक की तरफ से पीछे से टक्कर मार दी। शिकायतकर्ता अरुण कुमार ने बताया कि पहली टक्कर के बाद जब उन्होंने अपनी गाड़ी रोकी और जीप चालक को आवाज लगाई, तो आरोपी ने रुकने की बजाय अपनी जीप को बैक किया और कार के अगले हिस्से में दोबारा जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
इस घटना में कार को भारी नुक्सान पहुंचा है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर सुंदरनगर पुलिस थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और फरार जीप चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें