Edited By Kuldeep, Updated: 17 Jun, 2026 07:29 PM

सुंदरनगर बस अड्डे के पीछे स्थित मनाली स्वीट्स के आऊटलैट एवं फैक्टरी परिसर में बुधवार शाम शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सुंदरनगर (सोढी): सुंदरनगर बस अड्डे के पीछे स्थित मनाली स्वीट्स के आऊटलैट एवं फैक्टरी परिसर में बुधवार शाम शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। समय रहते कर्मचारियों की सतर्कता और अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार आग लगने के समय फैक्टरी परिसर के भीतर 4 से 5 कर्मचारी कार्य कर रहे थे।
अचानक विद्युत आपूर्ति ट्रिप होने और धुआं उठता देख सभी कर्मचारी तुरंत बाहर निकल आए, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही बीएसएल परियोजना सुंदरनगर तथा मंडी से हिमाचल प्रदेश अग्निशमन सेवा के फायर टैंडर मौके पर पहुंचे और संयुक्त अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। हालांकि आग लगने से फैक्टरी परिसर में कुछ सामान को नुक्सान पहुंचा है।