Himachal: शिमला में रजनी पाटिल का बड़ा बयान, कहा- CM सुक्खू के प्रस्ताव पर ही होगा मंत्रिमंडल विस्तार

Edited By Vijay, Updated: 26 Sep, 2026 07:51 PM

state congress incharge rajni patil

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने स्पष्ट किया है कि राज्य में मंत्रिमंडल का विस्तार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का प्रस्ताव मिलने के बाद ही किया जाएगा।

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने स्पष्ट किया है कि राज्य में मंत्रिमंडल का विस्तार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का प्रस्ताव मिलने के बाद ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल पार्टी आलाकमान को इस संबंध में कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। शिमला स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए रजनी पाटिल ने चुनाव आयोग, ईवीएम और पार्टी के आंतरिक अनुशासन को लेकर बेबाक राय रखी।

चुनाव आयुक्त पर लगाए गंभीर आरोप, बैलेट पेपर से चुनाव की उठाई मांग
प्रेस वार्ता के दौरान रजनी पाटिल ने केंद्रीय चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें जेल में डालने तक की बात कह दी। उन्होंने दावा किया कि नई पीढ़ी भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने ईवीएम हटाकर बैलेट पेपर से चुनाव करवाने की मांग दोहराई। भाजपा और चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि हालिया चुनाव नतीजे उम्मीदों के विपरीत रहे हैं, जिसका कारण बड़े पैमाने पर वोट चोरी है। उन्होंने महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि अब सिर्फ वोट चोरी नहीं हो रहे, बल्कि पार्टी चोरी तक हो रही है। इस कथित धांधली के खिलाफ कांग्रेस आगामी सोमवार को हिमाचल प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन करेगी।

राजस्व मंत्री जगत नेगी को नसीहत, संगठन में कसावट के निर्देश
पार्टी के आंतरिक मामलों पर बोलते हुए रजनी पाटिल ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी को सख्त नसीहत दी कि वे पार्टी से जुड़े विषयों पर सार्वजनिक बयानबाजी से बचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन के कामकाज पर उन्होंने कहा कि कई जिला अध्यक्षों ने ब्लॉक अध्यक्षों द्वारा उनकी बात न सुनने की शिकायत की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संगठन में जहां नियुक्तियां लंबित हैं, उन्हें जल्द पूरा किया जाएगा।

2027 के चुनावों की तैयारी शुरू, पेपर लीक बड़ा मुद्दा
रजनी पाटिल ने बताया कि कांग्रेस ने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। आगामी चुनावों में पेपर लीक को एक बड़ा मुद्दा बनाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पेपर लीक के कारण 70 से 80 युवाओं को आत्महत्या जैसा दुखद कदम उठाना पड़ा है, जिसे कांग्रेस जनता के बीच प्रमुखता से उठाएगी। 

छात्रों की गूंज कार्यक्रम हिमाचल करवाने का करेंगे आग्रह 
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सफल कार्यक्रम छात्रों की गूंज को हिमाचल प्रदेश में भी आयोजित करवाने का आग्रह किया जाएगा, जो देश के अन्य प्रमुख शहरों में काफी सफल रहा है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!