Himachal: दूध के समर्थन मूल्य में 1 दिसम्बर से होगी बढ़ौतरी, सेब का खरीद मूल्य भी बढ़ाया, CM सुक्खू ने किए बड़े ऐलान

Edited By Vijay, Updated: 01 Oct, 2026 07:12 PM

cm sukhvinder singh sukhu

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़े कदम उठाते हुए किसानों, बागवानों और पशुपालकों के लिए अहम घोषणाएं की हैं।

शिमला/रोहड़ू (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़े कदम उठाते हुए किसानों, बागवानों और पशुपालकों के लिए अहम घोषणाएं की हैं। रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के चिड़गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि आगामी 1 दिसम्बर से राज्य में दूध के समर्थन मूल्य में बढ़ौतरी की जाएगी। इसके साथ ही एमआईएस के तहत खरीदे जाने वाले सेब के खरीद मूल्य में भी 1 रुपए की वृद्धि की गई है।

बागवानों और पशुपालकों को बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने दूध के दामों में ऐतिहासिक वृद्धि की है और भविष्य में भी इसे बढ़ाया जाएगा ताकि पशुपालकों की आय में इजाफा हो सके। वहीं, सेब बागवानों को राहत देते हुए एमआईएस के तहत सेब का खरीद मूल्य 12 रुपए से बढ़ाकर 13 रुपए प्रति किलोग्राम कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती के उत्पादों को समर्थन मूल्य देने और सेब के लिए यूनिवर्सल कार्टन व्यवस्था लागू करने को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।

आपदा प्रभावितों के लिए सहायता राशि बढ़कर 8 लाख
मुख्यमंत्री ने एक और बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि पिछले साल आई आपदा में जिन लोगों के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, उन्हें मिलने वाली आर्थिक सहायता को साढ़े 7 लाख रुपए से बढ़ाकर अब 8 लाख रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 'अपना परिवार सुखी परिवार' योजना का जिक्र करते हुए पात्र महिलाओं को 1,500 रुपए मासिक पैंशन और 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

शिक्षा के क्षेत्र में 21वें से 5वें स्थान पर पहुंचा हिमाचल
शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार की अनदेखी के कारण 2021 में हिमाचल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में 21वें स्थान पर था, जो अब सुधर कर 5वें स्थान पर आ गया है। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है। प्रदेश में 150 से अधिक सीबीएसई स्कूल खोले गए हैं, जिनमें 1500 अध्यापकों की नियुक्ति की गई है। ग्रामीण बच्चों को बेहतरीन शिक्षा देने के लिए 300 स्कूल ऑफ एक्सीलेंस भी बनाए जा रहे हैं।

सरकार ने बंद किए भ्रष्टाचार के दरवाजे, खजाने में हो रही वृद्धि
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के दरवाजे बंद कर प्रदेश की संपदा का उपयोग आम जनता के लिए कर रही है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में वाइल्ड फ्लावर हॉल, जेएसडब्ल्यू और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना जैसे मामलों में सरकार ने प्रदेश के हितों की रक्षा की है। अकेले किशाऊ परियोजना से राज्य के खजाने में 1,200 से 1,500 करोड़ रुपए की आय होने की उम्मीद है।

रोहड़ू क्षेत्र के लिए की ये प्रमुख घोषणाएं

  • संदासू सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र  को स्तरोन्नत कर सिविल अस्पताल बनाया जाएगा।
  • समरकोट में नई सब-तहसील खोली जाएगी।
  • चिड़गांव में एसडीएम कार्यालय खोलने के लिए सर्वे करवाया जाएगा।
  • जांगला और चिड़गांव के सरकारी स्कूलों को सीबीएसई स्कूलों का दर्जा दिया जाएगा।

विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने जताया सीएम का आभार
इससे पहले स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और रोहड़ू की जनता की मांगें पूरी करने के लिए उनका आभार जताया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिवपाल ठाकुर, उपायुक्त अनुपम कश्यप, एसपी गौरव सिंह सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!