Edited By Vijay, Updated: 24 Sep, 2026 09:00 PM

प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्वाल ने सोलन में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर पलटवार किया है।
शिमला (ब्यूरो): प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्वाल ने सोलन में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर पलटवार किया है। शिमला से जारी बयान में उन्होंने कहा कि रजनी पाटिल द्वारा इस तरह की टिप्पणी कांग्रेस की राजनीतिक हताशा और वैचारिक दिवालिएपन का प्रमाण है। उन्होंने पाटिल को राजनीतिक मर्यादा में रहकर बयानबाजी करने की सलाह भी दी और कहा कि जब कांग्रेस के पास मोदी सरकार की उपलब्धियों का जवाब देने के लिए तथ्य नहीं बचे तो उसके नेता भाषा की मर्यादा की धज्जियां उड़ाने लगे हैं। राकेश जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी को यह याद रखना चाहिए कि नरेंद्र मोदी केवल भाजपा के नेता नहीं, बल्कि देश के प्रधानमंत्री हैं। प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसी अमर्यादित टिप्पणी करोड़ों देशवासियों के जनादेश का अपमान है।
राकेश जम्वाल ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली भाषा को राजनीतिक बहस का स्तर नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें मोदी के खिलाफ इस तरह के आपत्तिजनक शब्द खोजने से पहले यह देखना चाहिए कि जनता ने कांग्रेस की राजनीति को किन कारणों से लगातार नकारा है। जिस पार्टी के पास अपने शासन और वायदों का हिसाब देने के लिए ठोस जवाब नहीं है, उसके नेता दूसरों पर कीचड़ उछालकर शायद अपनी राजनीतिक असफलताओं को ढकना चाहते हैं।
राकेश जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करनी है तो तथ्यों पर करें। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने गारंटियों का ऐसा मायाजाल बुना था कि हर वर्ग को लगा था कि सत्ता में आते ही उसके अच्छे दिन आ जाएंगे। महिलाओं को 1,500 रुपए देने की गारंटी भी इसी राजनीतिक वायदे का हिस्सा थी, लेकिन आज कांग्रेस नेता इन गारंटियों पर मुंह छिपाती फिर रही है। जनता जब इस बारे में सवाल करती है तो कांग्रेस नेताओं के पास कोई जवाब नहीं होता और फिर केंद्र के खिलाफ अनाप-शनाप टिप्पणी कर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस नेताओं की बातों में आने वाली नहीं है, और समय पर इसका करारा जवाब कांग्रेस को मिलेगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें