Himachal: मां नयनादेवी ने सुनी पुकार तो दिल्ली से दौड़ा चला आया परिवार, दरबार में चढ़ाए सोने के नेत्र, नथ और हार

Edited By Vijay, Updated: 17 Oct, 2026 05:36 PM

nainadevi temple in bilaspur

विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर आस्था, भक्ति और अटूट विश्वास का एक अद्भुत नजारा देखने को मिला है।

नयनादेवी/बिलासपुर (ब्यूरो): विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर आस्था, भक्ति और अटूट विश्वास का एक अद्भुत नजारा देखने को मिला है। माता के दरबार में एक मन्नत पूरी होने पर दिल्ली के एक कारोबारी ने अपनी असीम श्रद्धा प्रकट करते हुए मां के चरणों में सोने के आभूषणों का एक सैट अर्पित किया है। इस स्वर्णिम भेंट से माता रानी का शृंगार और भी अलौकिक हो गया है।

जानकारी के अनुसार दिल्ली के रहने वाले कारोबारी प्रवेश गर्ग अपने पूरे परिवार के साथ शारदीय नवरात्र के शुभ अवसर पर शक्तिपीठ पहुंचे थे। माता रानी के दरबार में उनकी कोई विशेष मनोकामना पूरी हुई थी। इसी मन्नत के पूरे होने की खुशी में उन्होंने माता को सोने का हार, माथे का टीका, झुमके, नथ और सोने के नेत्र (आंखें) भेंट स्वरूप अर्पित किए। परिवार ने पूरे विधि-विधान से माता के दर्शन कर शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर के स्थानीय पुजारी रिंकू शर्मा ने इस पुनीत कार्य की जानकारी देते हुए बताया कि कारोबारी प्रवेश गर्ग की माता रानी के प्रति अगाध श्रद्धा है। उन्होंने बताया कि जब भक्तों की मुरादें पूरी होती हैं, तो वे अपनी नेक कमाई का एक हिस्सा मां के चरणों में भेंट करते हैं। पुजारी ने कहा कि सोने के आभूषणों का यह चढ़ावा केवल एक भेंट नहीं है, बल्कि भक्त के उस अटूट विश्वास का प्रतीक है जो उसे बार-बार मां के दरबार की ओर खींच लाता है।

मंदिर न्यास ने भी कारोबारी द्वारा सपरिवार किए गए इस दर्शन और भेंट की पुष्टि की। मंदिर न्यास के अनुसार शारदीय नवरात्र के दौरान श्री नयनादेवी मंदिर में देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ रहा है। हर कोई अपनी सामर्थ्य और श्रद्धा के अनुसार माता के दरबार में हाजिरी लगाकर चढ़ावा अर्पित कर रहा है। उन्होंने कहा कि शक्तिपीठ में उमड़ रही यह भीड़ और ऐसी भव्य भेंटें इस बात का प्रमाण हैं कि सच्चे मन से की गई प्रार्थनाएं मां नैना देवी हमेशा स्वीकार करती हैं और अपने भक्तों के जीवन में सुख, शांति व समृद्धि बनाए रखती हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!