Edited By Kuldeep, Updated: 10 Sep, 2026 09:21 PM

राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति कविंद्र गुप्ता ने चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर और डा. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी जिला सोलन के कुलपति चयन के लिए गठित चयन समितियों को भंग करके वापस ले...
शिमला (कुलदीप): राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति कविंद्र गुप्ता ने चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर और डा. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी जिला सोलन के कुलपति चयन के लिए गठित चयन समितियों को भंग करके वापस ले लिया है। लोक भवन की तरफ से इस आशय संबंधी अधिसूचनाओं को जारी कर दिया गया है। अधिसूचना के अनुसार चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के कुलपति की नियुक्ति के लिए गठित चयन समिति का गठन पूर्व में 15 मई, 2025 को अधिसूचित किया गया था। इसके बाद 21 जुलाई, 2025 को विज्ञापन एवं नोटिस जारी किए गए थे।
इसी तरह डा. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के कुलपति पद के लिए चयन समिति का गठन 21 जून, 2025 को अधिसूचित किया गया था तथा 21 जुलाई, 2025 को विज्ञापन एवं नोटिस जारी हुए थे। अधिसूचना के अनुसार हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट शिमला की तरफ से दिए गए फैसले के अनुपालन में राज्यपाल (कुलाधिपति) ने दोनों चयन समितियों को भंग कर दिया है। राज्यपाल सचिवालय ने स्पष्ट किया है कि दोनों विश्वविद्यालयों में कुलपति नियुक्ति के लिए नई चयन समितियों का गठन कर उन्हें अलग से अधिसूचित किया जाएगा। इससे कुलपति चयन की प्रक्रिया नए सिरे से आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।