Edited By Kuldeep, Updated: 26 Oct, 2026 07:12 PM

भाजपा प्रदेश के प्रभारी एवं विधायक श्रीकांत शर्मा ने हिमाचल की कांग्रेस और पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर सरकारी संरक्षण में चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार को संरक्षण मिलने का आरोप लगाया है।
शिमला (ब्यूरो): भाजपा प्रदेश के प्रभारी एवं विधायक श्रीकांत शर्मा ने हिमाचल की कांग्रेस और पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर सरकारी संरक्षण में चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार को संरक्षण मिलने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल और पंजाब में नशा माफिया के बढ़ते प्रभाव ने युवाओं के भविष्य और परिवारों की खुशियों पर गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। श्रीकांत शर्मा ने शिमला से जारी बयान में आरोप लगाया कि दोनों प्रदेशों की सरकारें नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल रही हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल और पंजाब में नशे के तिलचिट्टे नहीं चलेंगे। युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने वाले नशा तस्करों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों राज्यों में नशे के खिलाफ कार्रवाई के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर नशा तस्करी के नैटवर्क को समाप्त करने के लिए अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिट्टा केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि प्रदेश की युवा पीढ़ी के भविष्य से जुड़ा गंभीर सामाजिक संकट है।
इसके विरुद्ध पुलिस, प्रशासन, शिक्षण संस्थानों और समाज को मिलकर व्यापक अभियान चलाना होगा। भाजपा प्रभारी ने मांग की कि हिमाचल और पंजाब की सरकारें नशा तस्करी के बड़े नैटवर्क, अंतर्राज्यीय आपूर्ति शृंखला और कथित राजनीतिक संरक्षण के आरोपों की निष्पक्ष जांच करवाएं तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भाजपा नशामुक्त हिमाचल और नशामुक्त पंजाब के लिए जनजागरण तथा लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी।