Shimla: भाजपा विधायक ही नहीं उपमुख्यमंत्री, मंत्री व कांग्रेस विधायकों की भी हो रही फोन टैपिंग : जयराम

Edited By Kuldeep, Updated: 01 Aug, 2026 05:46 PM

shimla mla phone tapping

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार में भाजपा विधायकों ही नहीं बल्कि सरकार में बैठे उपमुख्यमंत्री, मंत्री और कांग्रेस विधायकों के फोन की भी टैपिंग हो रही है।

शिमला (कुलदीप): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार में भाजपा विधायकों ही नहीं बल्कि सरकार में बैठे उपमुख्यमंत्री, मंत्री और कांग्रेस विधायकों के फोन की भी टैपिंग हो रही है। सरकार की तरफ से उनके अलावा विपक्ष के अन्य नेताओं और उनके पीएसओ की आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लोकतंत्र नहीं बल्कि प्रतिशोध का शासन चल रहा है। ऐसा करके विपक्ष के नेताओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके विपरीत प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है तथा सत्ता के बल का प्रयोग करके भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। जयराम ठाकुर शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने अपनी रिपोर्ट में मुख्यमंत्री को कार्यशैली में बदलाव नहीं करने की स्थिति में पद से हटाने की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में अपने पर अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में भाजपा नेताओं पर दर्ज झूठे मुकद्दमों को वापस लेगी। उन्होंने प्रदेश की अफसरशाही को फिर चेताया तथा सरकार के ईशारे पर काम नहीं करने की नसीहत दी। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि भाजपा ने शिमला जिला परिषद में चुनाव जीते सदस्य हरियाणा नहीं भेजे हैं।

बिंदल सहित भाजपा विधायक व पूर्व विधायकों पर झूठे मामले दर्ज
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल के अलावा विधायक सुधीर शर्मा, सुखराम चौधरी, इंद्रदत्त लखनपाल व आशीष शर्मा के साथ पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, रवि ठाकुर, देवेंद्र भुट्टो, होशियार सिंह और केएल ठाकुर पर बदले की भावना से झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं। इसके अलावा जिला परिषद सदस्यों, पंचायत प्रधानों और निर्वाचित पार्षदों को परेशान करने का भी आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री प्रतिशोध की राजनीति को छोड़ें
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री को प्रतिशोध की राजनीति छोड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रतिशोध की इस भावना के कारण आज तक संस्थानों को बंद करने का सिलसिला जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी सहूलियत के कारण मुख्य सचिव व डीजीपी पद पर अधिकारियों की स्थायी नियुक्ति नहीं कर रही है। ऐसे में सरकार के कामकाज से नाखुश अधिकारियों का प्रतिनियुक्ति पर जाने का सिलसिला लगातार जारी है।

भाजपा चार्जशीट में चौंकाने वाले तथ्य सामने आएंगे
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि भाजपा की तरफ से सरकार के खिलाफ जो चार्जशीट तैयार की जा रही है, उसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। चार्जशीट में सरकार के खिलाफ आए मामलों की फेहरिस्त लंबी है, जिससे सरकार की कथनी और करनी को जनता के सामने लाया जाएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!