Shimla: किराए के कमरे पर पुलिस का छापा, चिट्टे व सिरिंज के साथ 3 युवक गिरफ्तार

Edited By Kuldeep, Updated: 22 Jun, 2026 05:55 PM

shimla police raid

पुलिस थाना ढली की टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर विकास कॉलोनी स्थित एक किराये के कमरे पर दबिश देकर तीन युवकों को चिट्टे की खेप के साथ रंगे हाथों दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है।

शिमला (संतोष): पुलिस थाना ढली की टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर विकास कॉलोनी स्थित एक किराये के कमरे पर दबिश देकर तीन युवकों को चिट्टे की खेप के साथ रंगे हाथों दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार ढली पुलिस थाना की टीम मादक पदार्थों की रोकथाम और गश्त के संबंध में क्षेत्र में तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि विकास कॉलोनी में एक किराये के कमरे के भीतर कुछ युवक चिट्टे की खरीद-फरोख्त का अवैध धंधा कर रहे हैं।

त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कमरे पर औचक छापेमारी की। कमरे की गहन तलाशी लेने पर पुलिस को वहां से 6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके साथ ही मौके से नशे को तौलने वाली एक डिजिटल वजन मशीन और नशा इंजैक्ट करने के काम आने वाली सिरिंज भी जब्त की गई, जो साफ इशारा करती है कि वहां से नशे का कारोबार चलाया जा रहा था।

पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर मौके पर मौजूद तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सौरभ (23) पुत्र स्व. चमन लाल, निवासी गांव पुनण, डाकघर व तहसील ननखड़ी, जिला शिमला, पंकज कुमार (30) पुत्र टेक चंद, निवासी गांव धारन, डाकघर व तहसील ननखड़ी, जिला शिमला व विक्रांत (27) पुत्र सुरेंद्र मैहता, निवासी ननखड़ी, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस थाना ढली में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह नशा कहां से लाए थे और शिमला में आगे किसे सप्लाई करने वाले थे। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!