Edited By Kuldeep, Updated: 18 Jul, 2026 06:12 PM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में 20 जुलाई को होने वाली मंत्रिमंडल बैठक में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र पर मुहर लगने की संभावना है।
शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में 20 जुलाई को होने वाली मंत्रिमंडल बैठक में हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र पर मुहर लगने की संभावना है। मानसून सत्र का शुभारंभ 15 अगस्त के बाद बुलाए जाने की संभावना है, जिसमें 10 से 12 बैठकें हो सकती हैं। मानसून से निपटने की तैयारियों को लेकर भी बैठक में चर्चा होने की संभावना है। प्रदेश में धीमे पड़े मानसून के अब रफ्तार पकड़ने की संभावना है, जिससे निपटने के लिए जिला प्रशासन को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए अभी से संवेदनशील स्थानों पर मशीनरी एवं आवश्यक स्टाफ की तैनाती कर दी गई है।
विभिन्न विभागों की तरफ से आने वाले प्रस्तावों के आधार पर भी निर्णय लिए जाने की संभावना है। बैठक में सीबीएसई शिक्षकों की नियुक्ति से जुड़े विषय पर चर्चा की संभावना है। बैठक में इंटरनैट मीडिया को लेकर चर्चा होने की संभावना है। सरकार इसको संवेदनशील मुद्दा मानकर चल रही है, क्योंकि बिना पंजीकरण के चल रहे इंटरनैट मीडिया पोर्टल और चैनलों के संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने संबंधी निर्णय लिया जा सकता है। ऐसे में यदि कोई बिना किसी आधिकारिक पंजीकरण के सनसनीखेज, भ्रामक और समाज में अशांति फैलाने वाली खबरें प्रसारित करता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।
मुख्यमंत्री चंडीगढ़ रवाना
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए चंडीगढ़ रवाना हुए। मुख्यमंत्री रात्रि को हिमाचल भवन चंडीगढ़ में विश्राम करने के बाद रविवार काे वापस शिमला लौट आएंगे। उन्होंने चंडीगढ़ रवाना होने से पहले शिमला में लोगों की समस्याएं सुनीं तथा कार्यक्रम में भी भाग लिया। इस दौरान उनके साथ कई प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं को सुना।