Shimla: नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी मोदी सरकार, जल्द बीते दौर की बात होगा नशा : जयराम

Edited By Kuldeep, Updated: 30 Aug, 2026 10:36 PM

shimla drugs decisive battle

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम देशभर में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों को राष्ट्रीय पहचान और मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।

शिमला (ब्यूरो): नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम देशभर में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों को राष्ट्रीय पहचान और मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों की पहल को देश के सामने लाकर समाज को प्रेरणा दे रहे हैं। विधानसभा परिसर में पार्टी नेताओं के साथ मन की बात सुनने के बाद जयराम ठाकुर ने नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि देश की युवा पीढ़ी को नशे से बचाना बड़ी चुनौती है।

हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में भी नशे का प्रसार चिंता का विषय है और इससे निपटना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की नशे के खिलाफ प्रतिबद्धता स्पष्ट है। नशे के खिलाफ लड़ाई को केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि इसे जन आंदोलन का रूप देना होगा। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान में अपनी भूमिका निभानी होगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों से देश नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौती से निर्णायक रूप से निपटने में सफल हुआ है। इसी दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ नशे के खिलाफ भी लड़ाई लड़ी जाएगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में नशा बीते समय की बात होगा। उन्होंने कहा कि मन की बात के माध्यम से प्रधानमंत्री ने इतिहास, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न प्रयासों को देश के सामने रखा। इससे समाज के अन्य लोगों को भी सकारात्मक कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। जयराम ठाकुर ने जन्माष्टमी के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देने के आह्वान का भी स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों और प्रतिभाओं को बढ़ावा देना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और उद्यमिता को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मन की बात अब केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों को जोड़ने और उनसे प्रेरणा लेने का माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री द्वारा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देना सराहनीय है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!