Shimla: पुलिस का नशा माफिया पर बड़ा प्रहार, 3 अलग-अलग मामलों में चिट्टा बरामद कर 5 तस्कर गिरफ्तार

Edited By Kuldeep, Updated: 30 Aug, 2026 04:44 PM

shimla drug mafia chitta

शिमला और इसके आसपास के क्षेत्रों में नशे के खिलाफ पुलिस का क्लीनअप अभियान जोरों पर है। जिला पुलिस ने ढली और चौपाल थाना क्षेत्रों में 3 अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

शिमला (संतोष): शिमला और इसके आसपास के क्षेत्रों में नशे के खिलाफ पुलिस का क्लीनअप अभियान जोरों पर है। जिला पुलिस ने ढली और चौपाल थाना क्षेत्रों में 3 अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने न केवल तस्करों से चिट्टा बरामद किया है, बल्कि बैकवर्ड लिंकेज पर भी बड़ी सफलता हासिल की है।

ढली में कार के फुटमैट के नीचे छिपाया था चिट्टा
ढली थाना की एक विशेष टीम भट्टाकुफर से ढली टनल की ओर गश्त कर रही थी। गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली। इस दौरान कार में बैठे एक व्यक्ति के पैरों के नीचे रखे फुटमैट से 6.34 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने इस मामले में दुष्यंत वर्मा (25) निवासी सुन्नी, जिला शिमला और अक्षय शर्मा (24) निवासी आनी, जिला कुल्लू को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 व 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ढली बाईपास के होम स्टे में चल रहा था नशे का कारोबार
ढली पुलिस को सूचना मिली कि ढली बाईपास स्थित एक होम स्टे में 2 युवक चिट्टा बेचने का गोरखधंधा चला रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत कमरे में छापेमारी की। तलाशी के दौरान डबल बैड पर चादर के नीचे तकिये के पास से 4.010 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से महेश ठाकुर उर्फ महेशी (38) निवासी संजौली, शिमला और देवेंद्र कुमार (23) निवासी आनी, जिला कुल्लू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चौपाल में बैकवर्ड लिंकेज पर कार्रवाई, मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस
नशे की जड़ों पर प्रहार करते हुए चौपाल पुलिस ने एक पुराने मामले में एक अन्य आरोपी को दबोचा है। 14 अगस्त को पुलिस ने 3.49 ग्राम चिट्टे के साथ अतर सिंह नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान अतर सिंह से हुई पूछताछ में इस नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आए। बैकवर्ड लिंकेज पर काम करते हुए पुलिस ने मामले में संलिप्तता पाए जाने पर आशीष ब्रागटा (27) निवासी चौपाल, जिला शिमला को एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत नामजद कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

न्यायालय में पेश होंगे आरोपी, कतई नहीं बख्शे जाएंगे : मेहर
एएसपी शिमला मेहर पंवर ने कहा कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा और नशे के इस नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जांच तेजी से जारी है। चिट्टे व नशे की तस्करी में चाहे कोई भी संलिप्त हो, पुलिस उन्हें कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!