Edited By Kuldeep, Updated: 04 Jul, 2026 06:57 PM

सीबीआई की एसीबी शिमला ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एमईएस के एजीई केके सोनी को 93 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
शिमला (ब्यूरो): सीबीआई की एसीबी शिमला ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एमईएस के एजीई केके सोनी को 93 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई के इस बड़े एक्शन से हड़कंप मच गया है। यह पूरी कार्रवाई सीबीआई शिमला के एसपी राजेश चहल के नेतृत्व में अमल में लाई गई, जिसमें एएसपी सुमित पाल और डीएसपी गोविंद सोलंकी सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। आरोपी सैन्य अधिकारी को हिरासत में लेकर आगामी पूछताछ और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सैन्य अधिकारी पर आरोप है कि उसने एक ठेकेदार के लंबे समय से लंबित पड़े बिलों को पास करने की एवज में मोटी रकम की मांग की थी। ठेकेदार रिश्वत देने का इच्छुक नहीं था, जिसके चलते उसने इस पूरे मामले की गोपनीय शिकायत सीबीआई से कर दी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की टीम ने तथ्यों का सत्यापन किया और आरोपी को पकड़ने के लिए एक सुनियोजित जाल बिछाया। तय रणनीति के तहत ठेकेदार जैसे ही रिश्वत की रकम देने पहुंचा, घात लगाकर बैठी सीबीआई की टीम ने आरोपी केके सोनी को 93 हजार रुपए स्वीकार करते ही मौके पर दबोच लिया।