Edited By Kuldeep, Updated: 15 Sep, 2026 04:25 PM

शिमला पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना कुमारसैन को बड़ी सफलता मिली है।
शिमला (ब्यूरो): शिमला पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना कुमारसैन को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज की कड़ियां जोड़ते हुए 5.5 किलोग्राम चूरा-पोस्त तस्करी मामले के मुख्य सप्लायर को कुल्लू से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार मुख्य सप्लायर की पहचान बहादुर सिंह उर्फ रिंकू (36) पुत्र गोपी चंद निवासी आनी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया है। आरोपी को एसीजेएम रामपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 16 सितम्बर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार रामपुर डिटैक्शन टीम ने सैंज-लूहरी मार्ग पर नाकेबंदी के दौरान एक गाड़ी से 5.5 किलो चूरा-पोस्त बरामद किया था। इस दौरान वाहन चालक पिंकू राम (41) निवासी कुमारसैन को मौके से गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया था। कड़ाई से पूछताछ करने पर पिंकू राम ने बताया कि उसने यह नशे की खेप आनी में बहादुर सिंह से खरीदी थी। इस सौदे में बीटू राम (31) निवासी आनी ने वित्तीय लेनदेन में मदद की थी। पुलिस ने बीटू राम को 4 अगस्त को ही गिरफ्तार कर लिया था। वित्तीय लेनदेन और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद पुलिस ने आखिरकार मुख्य सप्लायर बहादुर सिंह उर्फ रिंकू को ढूंढ निकाला और उसे सलाखों के पीछे धकेल दिया।