Edited By Kuldeep, Updated: 07 Jun, 2026 07:50 PM

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित वरिष्ठ कार्यकर्त्ता सम्मेलन स्मृति में भाग लिया।
शिमला (ब्यूरो): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित वरिष्ठ कार्यकर्त्ता सम्मेलन स्मृति में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि वर्षों की स्मृतियों, संघर्षों, सीख और संगठनात्मक संस्कारों से पुनः जुड़ने का एक भावपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि उनका छात्र जीवन और व्यक्तित्व निर्माण एबीवीपी के संस्कारों से गहराई से जुड़ा रहा है तथा आज जीवन में जो कुछ भी प्राप्त किया है, उसमें एबीवीपी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सदैव व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है। राष्ट्र प्रथम की भावना, अनुशासन, संगठन और सामाजिक उत्तरदायित्व के जो संस्कार यह संगठन अपने कार्यकर्त्ताओं को देता है, वे इसे विश्व के अन्य छात्र संगठनों से विशिष्ट बनाते हैं। उन्होंने कहा कि एबीवीपी केवल विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन ही नहीं, बल्कि सबसे अनुशासित, संगठित और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित संगठन भी है।
वर्षों बाद पुराने साथियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्त्ताओं से मिलना अत्यंत आत्मीय अनुभव रहा, जिसने नई ऊर्जा, प्रेरणा और उत्साह का संचार किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मेलन संगठन की गौरवशाली यात्रा को स्मरण करने के साथ-साथ नई पीढ़ी के कार्यकर्त्ताओं को प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्त्ताओं एवं आयोजकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा के निरंतर आगे बढ़ने की कामना की।