Edited By Vijay, Updated: 21 Aug, 2026 10:25 PM

मंडी जिले के पुलिस थाना सरकाघाट के तहत 7 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपी के मामले में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार किया है....
सरकाघाट (महाजन): मंडी जिले के पुलिस थाना सरकाघाट के तहत 7 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपी के मामले में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार किया है और उसके घर से 2 लाख 40 हजार रुपए की भारी नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार सरकाघाट पुलिस ने वीरवार रात को करयाल गांव के निवासी शुभम को 7 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। शुक्रवार सुबह जब पुलिस ने आरोपी शुभम से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने नशे के इस काले कारोबार में शामिल अपने एक अन्य साथी के नाम का खुलासा कर दिया। आरोपी शुभम से मिली जानकारी के तुरंत बाद पुलिस टीम ने हरकत में आते हुए दरकोहल गांव में दबिश दी। यहां बताए गए व्यक्ति के घर की तलाशी लेने पर पुलिस को 2,40,000 रुपए की नकदी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने इस मामले में दूसरे आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए इस दूसरे आरोपी की पहचान 31 वर्षीय सनी चंदेल पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव दरकोहल, डाकघर व तहसील बल्द्वाड़ा (मंडी) के रूप में हुई है।
24 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेजे दोनों आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों कोअदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 24 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। थाना प्रभारी रजनीश ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से नशे के इस नैटवर्क को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह चिट्टा कहां से लाया गया था और इस नैटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगामी जांच जारी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें