Edited By Vijay, Updated: 26 Aug, 2026 03:16 PM

शिमला जिले के उपमंडल रोहड़ू के बखिरना पुल के समीप पब्बर नदी में नहाते वक्त डूबे दो 16 वर्षीय छात्रों के मामले में एक का शव बरामद कर लिया गया है। बुधवार को रैस्क्यू ऑप्रेशन के दौरान स्थानीय गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद करासा निवासी शिवेन का शव नदी...
रोहड़ू (कार्तिक): शिमला जिले के उपमंडल रोहड़ू के बखिरना पुल के समीप पब्बर नदी में नहाते वक्त डूबे दो 16 वर्षीय छात्रों के मामले में एक का शव बरामद कर लिया गया है। बुधवार को रैस्क्यू ऑप्रेशन के दौरान स्थानीय गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद करासा निवासी शिवेन का शव नदी से बाहर निकाल लिया है। वहीं, बनोटी निवासी दूसरे छात्र सक्षम का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। उसकी तलाश के लिए एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन का सघन तलाशी अभियान लगातार जारी है।
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को दोनों छात्र पब्बर नदी में नहाने उतरे थे और इसी दौरान डूब गए थे। घटना के तुरंत बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय गोताखोरों ने मोर्चा संभाल लिया था। बुधवार को करासा के ही एक अनुभवी स्थानीय गोताखोर मंगतराम डोगरा ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसी घटनास्थल के आसपास से शिवेन का शव खोज निकाला।
एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा ने शिवेन का शव मिलने की पुष्टि की है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक सक्षम का सुराग नहीं मिल जाता, तब तक एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और गोताखोरों का सर्च ऑप्रेशन युद्धस्तर पर जारी रहेगा। वहीं, बरसात के मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों और विशेषकर युवाओं से नदी-नालों से दूर रहने की सख्त अपील की है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें