Chamba: पिता और छोटे भाई को एक ही चिता पर दी मुखाग्नि, पांगी की बेटी ने दिखाई हिम्मत

Edited By Kuldeep, Updated: 25 Jul, 2026 08:59 PM

pangi father younger brother lighting the funeral pyre

लाहौल और पांगी की सीमा पर कडू नाला में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे जनजातीय क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है।

पांगी (चम्बा) (रंजना): लाहौल और पांगी की सीमा पर कडू नाला में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे जनजातीय क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। इस भीषण हादसे में 13 लोगों की असमय मौत हो गई, जिनमें पांगी घाटी के घिसल गांव के पिता-पुत्र भी शामिल थे। शनिवार को दोनों का अंतिम संस्कार सेचनाला स्थित श्मशानघाट में नम आंखों के बीच किया गया। अंतिम यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल था। परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की आंखें नम थीं। हर कोई इस असहनीय दुख को देखकर भावुक हो उठा। सबसे मार्मिक पल तब आया, जब परिवार की बड़ी बेटी ने समाज की परंपरागत सोच से ऊपर उठकर अपने पिता और छोटे भाई को मुखाग्नि दी। यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम कर गया।

बेटी ने जिस साहस और धैर्य के साथ अंतिम संस्कार की सभी रस्में निभाईं, उसने लोगों को भावुक कर दिया। गम के इस कठिन समय में उसने पूरे परिवार का संबल बनकर जिम्मेदारी निभाई। उपस्थित लोगों ने बेटी के इस साहस को सलाम किया और कहा कि आज बेटियां हर जिम्मेदारी निभाने में सक्षम हैं। घिसल गांव में हादसे के बाद से शोक की लहर है। घर-घर में मातम पसरा हुआ है और लोग पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

सड़क की दशा पर उठे सवाल
कडू नाला हादसा जनजातीय क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और दुर्गम मार्गों की स्थिति पर भी कई गंभीर सवाल छोड़ गया है। लगातार सामने आ रहीं सड़क दुर्घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने सरकार से मांग की है कि दुर्गम क्षेत्रों की सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पूरी घाटी को जख्म दे गया हादसा
यह हादसा केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरी पांगी घाटी का ऐसा जख्म बन गया है, जिसे भरने में लंबा समय लगेगा। पिता और पुत्र की एक साथ विदाई तथा बेटी द्वारा दोनों को मुखाग्नि देने का यह भावुक दृश्य लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बना रहेगा। बता दें कि इस हादसे में सौरभ सिंह और उसके पिता बुद्धि सिंह की मौत हो गई थी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!