Edited By Kuldeep, Updated: 26 Sep, 2026 09:08 PM

चुराह के विधायक डॉ. हंसराज से जुड़े पोक्सो मामले में शनिवार को न्यायालय में सुनवाई हुई। निर्धारित गवाहों के अदालत में उपस्थित नहीं हो पाने के कारण मामले की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी।
चम्बा (काकू): चुराह के विधायक डॉ. हंसराज से जुड़े पोक्सो मामले में शनिवार को न्यायालय में सुनवाई हुई। निर्धारित गवाहों के अदालत में उपस्थित नहीं हो पाने के कारण मामले की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी। न्यायालय ने अब अगली सुनवाई के लिए 13 जनवरी 2027 की तारीख निर्धारित की है। मामला चुराह की एक युवती की शिकायत से जुड़ा है। 7 नवम्बर 2025 को महिला पुलिस थाना चम्बा में विधायक हंसराज के खिलाफ पोक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। युवती ने विधायक पर नाबालिग अवस्था में यौन शोषण के आरोप लगाए थे।
मामले में गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए विधायक ने अदालत में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया था। बाद में 27 नवम्बर 2025 को उन्हें नियमित जमानत मिल गई। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने जनवरी 2026 में अदालत में चालान पेश किया। विशेष न्यायाधीश की अदालत ने 5 मार्च 2026 को मामले में आरोप तय किए थे। इसके बाद अभियोजन पक्ष के गवाहों की गवाही की प्रक्रिया शुरू हुई। शनिवार को निर्धारित गवाहों के उपस्थित नहीं होने के कारण सुनवाई स्थगित करनी पड़ी।