Edited By Kuldeep, Updated: 19 May, 2026 06:51 PM

सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ओस्लो में नॉर्वे के सम्राट हेराल्ड-वी द्वारा नॉर्वे के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मैरिट से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता एवं गर्व व्यक्त किया है।
हमीरपुर (राजीव): सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ओस्लो में नॉर्वे के सम्राट हेराल्ड-वी द्वारा नॉर्वे के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मैरिट से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता एवं गर्व व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक नेता का नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में विश्व मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा, विश्वसनीयता और नेतृत्व क्षमता का सम्मान है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह सम्मान प्रधानमंत्री के नेतृत्व के प्रति अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के गहरे सम्मान और भारत की परिवर्तनकारी यात्रा की स्वीकृति को दर्शाता है। वहीं यह प्रधानमंत्री मोदी को प्राप्त 32वां अंतर्राष्ट्रीय नागरिक सम्मान है, जो विश्व स्तर पर भारत की बढ़ती प्रभावशीलता और प्रतिष्ठा का प्रमाण है। यह सम्मान व्यापार, स्वच्छ ऊर्जा, समुद्री सहयोग, नवाचार, प्रौद्योगिकी, सतत् विकास और जलवायु कार्रवाई जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भारत-नॉर्वे संबंधों को सुदृढ़ करने के प्रधानमंत्री के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज प्रत्येक भारतीय स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है क्योंकि विश्व मंच पर भारत की सांस्कृतिक विरासत व आधुनिक उपलब्धियों का सम्मान हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व ने भारत को शांति, समृद्धि व प्रगति का विश्वसनीय सांझेदार बनाया है। इसी के साथ सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास का मंत्र केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में प्रभावी रूप से प्रतिध्वनित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक सम्मान 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है तथा भारत के वैश्विक महाशक्ति बनने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।