शिमला में बड़ा हादसा: दोपहिया वाहनों के शोरूम में लगी भीषण आग, दर्जनों बाइक-स्कूटी और कार जलकर राख

Edited By Vijay, Updated: 13 May, 2026 02:45 PM

massive fire breaks out at two wheeler showroom

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के कच्चीघाटी इलाके में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा पेश आया। कालका-शिमला नैशनल हाईवे के किनारे स्थित दोपहिया वाहनों के शोरूम में भीषण आग लगने से लाखों रुपए की संपत्ति खाक हो गई।

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के कच्चीघाटी इलाके में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा पेश आया। कालका-शिमला नैशनल हाईवे के किनारे स्थित दोपहिया वाहनों के शोरूम में भीषण आग लगने से लाखों रुपए की संपत्ति खाक हो गई। इस अग्निकांड में 15 बाइकें, 11 स्कूटियां और एक लग्जरी कार पूरी तरह जलकर कोयला बन गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय शोरूम में मौजूद सभी कर्मचारी समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया।

यह हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। आग पांच मंजिला भवन की चौथी मंजिल पर स्थित शोरूम और उसकी वर्कशॉप में लगी। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरे हाईवे पर धुएं का काला गुबार छा गया। वहां से गुजर रहे राहगीर और स्थानीय लोग खौफ के मारे रुक गए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग हरकत में आया। बालूगंज, मालरोड और छोटा शिमला केंद्रों से 5 फायर टैंडर तुरंत मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि शोरूम के बाहर खड़ी संचालक की 18 लाख रुपए की कार भी इसकी चपेट में आ गई। यहां पर 12 नई बाइकें शोरूम में डिस्प्ले/स्टॉक में थीं। पुरानी 3 बाइकें रिेपेयर के लिए वर्कशॉप में आईं थीं। 8 नई स्कूटियां बिक्री के लिए रखी गई थीं। 3 पुरानी स्कूटियां सर्विस/रिपेयर के लिए आई थीं। इसके अलावा स्पेयर पार्ट्स की दुकान और शोरूम का फर्नीचर भी पूरी तरह नष्ट हो गया है।

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शोरूम के साथ लगी वर्कशॉप में तेल का स्टोर था। आशंका जताई जा रही है कि आग यहीं से शुरू हुई और तेल के कारण इसने तेजी से पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल, बालूगंज पुलिस और फोरैंसिक टीम आग के सटीक कारणों का पता लगाने में जुट गई है। अग्निशमन केंद्र बालूगंज के प्रभारी गोपाल दास ने बताया कि शुरू आती आकलन के अनुसार करीब 50 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। हालांकि, टीम ने तत्परता दिखाते हुए भवन में मौजूद करोड़ों रुपए की अन्य संपत्ति को जलने से बचा लिया।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!