CM सुक्खू ने की घोषणा: शिमला डैंटल कॉलेज का बदला नाम, हमीरपुर को 300 करोड़ के डैंटल रिसर्च सैंटर की सौगात

Edited By Vijay, Updated: 18 Jul, 2026 06:10 PM

cm sukhvinder singh sukhu

हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को दो बड़ी घोषणाएं की हैं। राज्य की राजधानी स्थित शिमला डैंटल कॉलेज का नाम बदलकर अब राजीव गांधी डैंटल कॉलेज शिमला किया...

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को दो बड़ी घोषणाएं की हैं। राज्य की राजधानी स्थित शिमला डैंटल कॉलेज का नाम बदलकर अब राजीव गांधी डैंटल कॉलेज शिमला किया जाएगा। इसके साथ ही, प्रदेश के हमीरपुर जिले में 300 करोड़ रुपए की भारी-भरकम लागत से एक अत्याधुनिक डैंटल हैल्थ रिसर्च सैंटर स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने ये अहम ऐलान शिमला में आयोजित एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स ऑफ इंडिया के हिमाचल प्रदेश स्टेट चैप्टर के चौथे वार्षिक सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए किए।

हमीरपुर का सैंटर बनेगा मील का पत्थर, युवाओं को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हमीरपुर में बनने वाला यह नया डैंटल हैल्थ रिसर्च सैंटर प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे में एक मील का पत्थर साबित होगा। इस सैंटर के शुरू होने से न केवल आम जनता को बेहतरीन और आधुनिक दंत चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

रोबोटिक सर्जरी और 3-टैस्ला एमआरआई अब हकीकत
प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में आ रहे व्यापक बदलावों का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि इसके सकारात्मक परिणाम अब जमीन पर दिखने लगे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ वर्षों पहले तक प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी और 3-टैस्ला एमआरआई जैसी उन्नत तकनीकों की कल्पना करना भी मुश्किल था, लेकिन आज यह हकीकत बन चुकी हैं। सरकार सभी मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों को अत्याधुनिक तकनीक से लैस कर रही है, ताकि मरीजों को सस्ता और बेहतरीन इलाज उनके घर के नजदीक ही मिल सके और उन्हें मजबूरी में बाहरी राज्यों की ओर रुख न करना पड़े।

डैंटल डॉक्टरों के साथ जल्द होगा विशेष संवाद
मुख्यमंत्री ने ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स के काम की सराहना करते हुए कहा कि ये चिकित्सक मरीजों के चेहरे की मुस्कान और उनका खोया हुआ आत्मविश्वास लौटाकर उनके जीवन को बेहतर बनाते हैं। उन्होंने गर्व जताते हुए कहा कि शिमला से शिक्षा प्राप्त कर चुके डॉक्टर आज देश-दुनिया में हिमाचल का नाम रोशन कर रहे हैं। सीएम ने जानकारी दी कि सरकार ने हाल ही में डॉक्टरों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर कई नई पहल की है। इसी तर्ज पर जल्द ही डैंटल डॉक्टरों के साथ भी एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि राज्य के डैंटल कॉलेजों की सुविधाओं को और अधिक उच्च स्तरीय बनाया जा सके।

सम्मेलन में ये रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण अवसर पर विधायक सुरेश कुमार, कांग्रेस नेता पवन ठाकुर, कैलाश फैडरेशन के चेयरमैन बलदेव ठाकुर, डैंटल कॉलेज शिमला के प्रिंसीपल डॉ. योगेश भारद्वाज, एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जन्स ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आशीष गुप्ता और हिमाचल प्रदेश स्टेट चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. रंगीला राम सहित कई अन्य गण्यमान्य व्यक्ति और नामी चिकित्सक उपस्थित रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!