Edited By Swati Sharma, Updated: 19 Jun, 2026 02:43 PM

Kangra News : हिमाचल प्रदेश के नूरपुर जिला पुलिस ने अवैध खनन और खनिजों के गैर-कानूनी परिवहन के खिलाफ अपना अभियान तेज करते हुए पिछले 24 घंटों के दौरान 22 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है। नूरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) धर्म चंद वर्मा ने...
Kangra News : हिमाचल प्रदेश के नूरपुर जिला पुलिस ने अवैध खनन और खनिजों के गैर-कानूनी परिवहन के खिलाफ अपना अभियान तेज करते हुए पिछले 24 घंटों के दौरान 22 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है।
चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान
नूरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) धर्म चंद वर्मा ने बताया कि अवैध खनन की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पूरे जिले में लगातार विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत पुलिस टीमों ने विभिन्न उपमंडलों (सब-डिवीजन), सीमावर्ती और अन्य संवेदनशील इलाकों में नाकेबंदी की और औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खनन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कारर्वाई की गई। वर्मा ने बताया कि ज्वाली थाना के तहत चलाए गए एक विशेष अभियान में खनिज ले जा रहे तीन बड़े ट्रकों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। पुलिस को उनके पास से कोई वैध दस्तावेज या जरूरी परिवहन दस्तावेज नहीं मिले थे। इसके अलावा, अवैध खनन में शामिल सात ट्रैक्टरों के खनन अधिनियम के तहत चालान किये गये। एएसपी ने कहा कि डमटाल थाना पुलिस ने भी अवैध रूप से खनिज ले जा रहे एक बड़े ट्रक और दो ट्रैक्टरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि नूरपुर थाना पुलिस ने अवैध खनन में लगे तीन ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की, जबकि फतेहपुर थाना पुलिस ने गश्त और जांच के दौरान दो ट्रैक्टरों के चालान काटे।
इसी तरह, इंदौरा थाना पुलिस की टीमों ने खनन नियमों के उल्लंघन में दो ट्रैक्टरों और एक बड़े ट्रक के खिलाफ मामला दर्ज किया। रैहन पुलिस चौकी के तहत भी अवैध खनन से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर एक ट्रैक्टर का चालान किया गया। वर्मा ने बताया कि विभागीय नियमों के तहत सभी 17 ट्रैक्टरों का मौके पर ही चालान किया गया। वहीं, अवैध खनन और परिवहन में शामिल पांच बड़े ट्रकों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित अदालत में भेज दिया गया है। जिला पुलिस ने दोहराया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। वर्मा ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को रोकने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन-रात औचक निरीक्षण और जांच अभियान चलाए जाएंगे।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें