Edited By Kuldeep, Updated: 23 Jun, 2026 07:34 PM

नशामुक्त हिमाचल अभियान के तहत पुलिस जिला देहरा ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी की 50.16 लाख से अधिक मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियों को फ्रीज/जब्त किया है।
देहरा (सेठी): नशामुक्त हिमाचल अभियान के तहत पुलिस जिला देहरा ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी की 50.16 लाख से अधिक मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियों को फ्रीज/जब्त किया है। पुलिस के अनुसार थाना देहरा में दर्ज एफआईआर के तहत सूरजपुर निवासी राम पाल के घर से नवम्बर 2025 में 3 किलो 628 ग्राम चरस बरामद की गई थी।
तलाशी के दौरान नकदी और सोने-चांदी के आभूषण भी मिले थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने वित्तीय अन्वेषण कर पाया कि आरोपी ने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से बैंक खातों में जमा राशि, निर्माणाधीन मकान, कार, स्कूटी और अन्य संपत्तियां खरीदी थीं। जांच के बाद कुल 50,16,403 रुपए की संपत्तियों को फ्रीज कर दिया गया है।
फ्रीज की गई संपत्तियों में बैंक खातों में 26.38 लाख रुपए, निर्माणाधीन मकान 12.46 लाख रुपए, एक कार 9.28 लाख रुपए की, टीवीएस जुपिटर स्कूटी 1.15 लाख रुपए व अन्य राशि शामिल है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट और अन्य मामलों में संलिप्त रहा है। मामले से संबंधित अभिलेख आगे की कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली को भेज दिए गए हैं।