Edited By Vijay, Updated: 18 Sep, 2026 11:35 PM

हिमाचल प्रदेश में चिट्टे के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी सख्ती से जारी है। जिला कांगड़ा के पालमपुर और पुलिस जिला देहरा के रक्कड़ में पुलिस टीमों ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए एक महिला सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पालमपुर/रक्कड़: हिमाचल प्रदेश में चिट्टे के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी सख्ती से जारी है। जिला कांगड़ा के पालमपुर और पुलिस जिला देहरा के रक्कड़ में पुलिस टीमों ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए एक महिला सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के कब्जे से कुल 13.85 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। दोनों मामलों में पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियमके तहत एफआईआर दर्ज कर तस्करों के बैकवर्ड लिंकेज की जांच शुरू कर दी है।
रात के अंधेरे में डिलीवरी देने जा रही महिला अरैस्ट
पहला मामला पालमपुर का है। यहां पुलिस थाना की टीम देर रात बिंद्रावन से सिद्धपुर सरकारी स्कूल की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस कर्मियों की नजर एक महिला पर पड़ी, जो रात के समय अकेली और संदिग्ध परिस्थितियों में जा रही थी। पुलिस टीम को सामने से आता देख महिला घबरा गई। उसने चालाकी दिखाते हुए अपने हाथ में पकड़ा एक पैकेट तुरंत पास की झाड़ियों में फैंक दिया और मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद महिला आरक्षी की मुस्तैदी से उसे तुरंत काबू कर लिया गया। इसके बाद स्थानीय पार्षद को मौके पर बुलाया गया और उनकी मौजूदगी में झाड़ियों में फैंके गए सामान की जांच की गई। तलाशी के दौरान पैकेट से 10.52 ग्राम चिट्टा और 739 रुपए की नकदी बरामद हुई। आरोपी महिला बिंद्रावन की ही रहने वाली है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि महिला इतनी देर रात चिट्टा कहां से लेकर आई थी और आगे किस व्यक्ति को इसकी डिलीवरी देने वाली थी।
NH-03 पर कार सवार 2 युवक से पकड़ा 3.33 ग्राम चिट्टा
नशे के खिलाफ दूसरी कार्रवाई पुलिस थाना रक्कड़ के अंतर्गत हुई। बीती रात थाना प्रभारी सुरेंद्र धीमान के नेतृत्व में पुलिस टीम नादौन एनएच-03 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान चौली (नलुआ दा खुह) के पास पुलिस ने शक के आधार पर एक कार को तलाशी के लिए रोका। कार की बारीकी से जांच करने पर उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से 3.33 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान आत्मा राम (36) निवासी मड़ासा, डाकघर भरैठी व जिला चम्बा और आयुष्मान शाही (22) निवासी वार्ड नंबर-17 सिद्धबाड़ी व जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। एसपी देहरा संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि रक्कड़ पुलिस थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी यह नशा कहां से खरीदकर लाए थे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें