Edited By Vijay, Updated: 18 Aug, 2026 08:20 PM

जिला मंडी में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत करसोग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना करसोग की टीम ने सनारली क्षेत्र के शंकर देहरा चौक पर नाकाबंदी के दौरान....
मंडी/करसोग (रजनीश/धर्मवीर): जिला मंडी में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत करसोग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना करसोग की टीम ने सनारली क्षेत्र के शंकर देहरा चौक पर नाकाबंदी के दौरान एक महिंद्रा कैंपर जीप से करीब 40 पेटी अवैध देसी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब की खेप और वाहन को जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात करसोग थाने की एक पुलिस टीम क्षेत्र में रूटीन गश्त और यातायात चैकिंग पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने शंकर देहरा चौक (सनारली) में एक महिंद्रा कैंपर जीप को जांच के लिए रुकने का इशारा किया। जब पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली तो कैंपर के पिछले हिस्से में नीले रंग की प्लास्टिक तिरपाल से ढकी हुई शराब की एक बड़ी खेप बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, बरामद की गई खेप में ऊना नंबर-1 ब्रांड की देसी शराब की करीब 40 पेटियां थीं। जब पुलिस ने वाहन चालक से इस शराब को ले जाने का वैध परमिट या अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागजात पेश करने में पूरी तरह नाकाम रहा। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शराब को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान विनोद कुमार निवासी डाकघर तेवन, तहसील करसोग व जिला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना करसोग में आरोपी चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद शराब और महिंद्रा कैंपर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। एसपी ने कहा कि पुलिस अब यह जांच कर रही है कि अवैध शराब की यह इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें