Edited By Kuldeep, Updated: 20 Jun, 2026 10:00 PM

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने देशवासियों से 21 जून को आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
हमीरपुर (राजीव): अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने देशवासियों से 21 जून को आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक स्पष्टता, आध्यात्मिक शांति और शारीरिक सुदृढ़ता का समग्र माध्यम है। आधुनिक जीवन की भागदौड़ और तनाव के बीच योग एक स्वस्थ, सशक्त और एकाग्र समाज के निर्माण का प्रभावी साधन है।
उन्होंने सभी आयु वर्ग के लोगों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि योग का एक प्राचीन भारतीय परंपरा से विश्वव्यापी जन-आंदोलन के रूप में विकसित होना भारत की सांस्कृतिक कूटनीति और उसकी प्रभावशाली सॉफ्ट पावर का सशक्त उदाहरण है।
भारत ने अपनी इस अमूल्य विरासत को दुनिया के साथ सांझा कर शांति, स्वास्थ्य और वैश्विक एकता का संदेश दिया है, जिससे विभिन्न संस्कृतियों और देशों के बीच संवाद और सौहार्द को नई दिशा मिली है। अनुराग सिंह ठाकुर ने देशवासियों से आह्वान किया कि वे 21 जून को अपने घरों, विद्यालयों तथा सामुदायिक कार्यक्रमों में भाग लेकर भारतीय ज्ञान परंपरा के इस अनमोल उपहार का उत्सव मनाएं।