Chamba: मनरेगा कार्यों में धांधली पर बड़ी कार्रवाई, JE और सचिव के बाद अब ग्राम रोजगार सेवक भी नौकरी से बर्खास्त

Edited By Vijay, Updated: 25 Sep, 2026 09:18 PM

gram rojgar sevak fired from job

चम्बा जिले की मैहला पंचायत में मनरेगा के तहत हुए इंटरलॉकिंग टाइलों के कार्यों में अनियमितताएं सामने आने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। पंचायत में तैनात ग्राम रोजगार सेवक रीना कुमारी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।

चम्बा (काकू चौहान): चम्बा जिले की मैहला पंचायत में मनरेगा के तहत हुए इंटरलॉकिंग टाइलों के कार्यों में अनियमितताएं सामने आने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। पंचायत में तैनात ग्राम रोजगार सेवक रीना कुमारी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। पंचायत समिति मैहला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) ने 24 सितम्बर को उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के आदेश जारी किए। इसी मामले में इससे पहले आऊटसोर्स पर तैनात जेई और पंचायत सचिव को भी बर्खास्त किया जा चुका है।

कुठवाड़ी निवासी की शिकायत से खुला मामला, इन 3 कार्यों पर उठे सवाल
यह पूरा मामला कुठवाड़ी निवासी रमेश कुमार की शिकायत के बाद सामने आया। शिकायत में मनरेगा के तहत करवाए गए इंटरलॉकिंग टाइलों के कार्यों और उनके भुगतान में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे। शिकायत के आधार पर जब जांच का दायरा बढ़ा, तो तीन कार्यों पर विशेष रूप से सवाल खड़े हुए। जांच के घेरे में आए कार्यों में जलपा से पंचायत घर तक इंटरलॉकिंग टाइलों का कार्य, जलपा हार्डवेयर से भारतीय स्टेट बैंक मैहला तक इंटरलॉकिंग तथा भारतीय स्टेट बैंक मैहला से डाकघर मैहला तक इंटरलॉकिंग टाइलों का कार्य शामिल है। जांच में इन कार्यों के अभिलेखों और मौके की स्थिति को लेकर अनियमितताएं पाई गईं।

रिकॉर्ड सौंपने के निर्देश, आगे भी हो सकती है कार्रवाई
आदेश के अनुसार रीना कुमारी को अपने पास मौजूद सभी अभिलेख, रजिस्टर, फाइलें, दस्तावेज, सरकारी सामग्री और संबंधित प्रविष्टि विवरण अधिकृत कम्प्यूटर संचालक को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सेवा समाप्ति के बावजूद इस मामले में आगे विभागीय, प्रशासनिक, वसूली अथवा कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, रीना कुमारी को निर्धारित अपीलीय प्राधिकारी के समक्ष अपील करने का अधिकार भी दिया गया है।

जेई और पंचायत सचिव पहले ही हो चुके हैं बर्खास्त
गौरतलब है कि मैहला पंचायत में इसी मामले में हाल ही में आऊटसोर्स पर तैनात जेई और पंचायत सचिव को भी बर्खास्त किया जा चुका है। अब विभागीय जांच पूरी होने के बाद ग्राम रोजगार सेवक पर भी कार्रवाई की गई है। एक के बाद एक हो रही इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर हुई कार्रवाई
बीडीओ मैहला बशीर खान ने बताया कि शिकायत के बाद की गई जांच में कार्यों, अभिलेखों और मौके की स्थिति में अनियमितताएं सामने आई थीं। इसके चलते ग्राम रोजगार सेवक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!