Edited By Swati Sharma, Updated: 04 Aug, 2026 01:38 PM

Hamirpur News : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर के सुजानपुर पुल के पास सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होने से उस समय टल गया, जब सेल्फी लेने के दौरान एक युवती का संतुलन बिगड़ गया और उसका पैर फिसलने से वह पहाड़ी से गिरकर झाड़ियों में फंस गई। इस दौरान लोगों की...
Hamirpur News : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर के सुजानपुर पुल के पास सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होने से उस समय टल गया, जब सेल्फी लेने के दौरान एक युवती का संतुलन बिगड़ गया और उसका पैर फिसलने से वह पहाड़ी से गिरकर झाड़ियों में फंस गई। इस दौरान लोगों की भीड़ एकत्र हो गई तथा तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
मौके पर मौजूद लोगों ने भी रेस्क्यू कार्य में किया सहयोग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवती सड़क के पास सेल्फी ले रही थी कि अचानक उसका पैर फिसला और वह नीचे जा गिरी। सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा बिना समय गंवाए संयुक्त रैस्क्यू अभियान शुरू किया। सुरक्षा उपकरणों की सहायता से टीम झाड़ियों तक पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी रेस्क्यू कार्य में सहयोग किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती खड़े होकर मोबाइल से सेल्फी ले रही थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे झाड़ियों में जा फंसी। सौभाग्य से नीचे घनी झाड़ियां होने के कारण वह गहरी खाई में नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रशासन ने लोगों से की ये अपील
वहीं, रैस्क्यू के तुरंत बाद घायल युवती को नागरिक अस्पताल सुजानपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, युवती को केवल मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत पूरी तरह खतरे से बाहर है। घटना के दौरान पुल पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए रैस्क्यू अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया। एस.एच.ओ. प्रकाश ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई शुरू कर रैस्क्यू किया। इसके पश्चात सिविल हॉस्पिटल सुजानपुर में प्राथमिक उपचार के बाद उसे जांच के लिए सी.टी. स्कैन हेतु जिला मैडीकल कॉलेज हमीरपुर रैफर कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पुलों, नदी किनारों, पहाड़ी क्षेत्रों और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर सैल्फी लेने से बचें। कुछ पलों की लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और जोखिम उठाने से बचें।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें