Edited By Kuldeep, Updated: 11 Jul, 2026 08:20 PM

उत्तर रेलवे के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेल मंत्रालय ने हिमाचल और पंजाब सीमा क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए करतोली-अंबाला सिटी के बीच नई दैनिक एक्सप्रैस ट्रेन चलाने और दिल्ली-दौलतपुर चौक एक्सप्रैस...
गगरेट (हनीश): उत्तर रेलवे के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेल मंत्रालय ने हिमाचल और पंजाब सीमा क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए करतोली-अंबाला सिटी के बीच नई दैनिक एक्सप्रैस ट्रेन चलाने और दिल्ली-दौलतपुर चौक एक्सप्रैस का विस्तार करतोली तक करने को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से गगरेट, अम्ब, ऊना और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क का लाभ मिलेगा।
रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार ट्रेन संख्या 14502/14501 करतोली-अंबाला सिटी एक्सप्रैस प्रतिदिन संचालित होगी। यह ट्रेन सुबह 8:30 बजे करतोली से रवाना होकर दोपहर 12:55 बजे अंबाला सिटी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन शाम 4:15 बजे अंबाला सिटी से चलकर रात 8:25 बजे करतोली पहुंचेगी। नई एक्सप्रैस ट्रेन का ठहराव दौलतपुर चौक, अम्ब-अंदौरा, ऊना हिमाचल, नंगल डैम, आनंदपुर साहिब, रूपनगर, मोरिंडा, सरहिंद और राजपुरा सहित प्रमुख स्टेशनों पर प्रस्तावित है। इससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को लाभ मिलेगा।
इसके अलावा 14053/14054 दिल्ली–दौलतपुर चौक हिमाचल एक्सप्रैस को भी करतोली तक विस्तारित करने की मंजूरी मिल गई है। इससे दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक होगी। रेलवे बोर्ड ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने तथा नई सेवाओं का संचालन जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही यात्रियों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है। नई रेल सेवाओं को क्षेत्र के विकास और बेहतर कनैक्टीविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।