Edited By Vijay, Updated: 28 Jun, 2026 04:51 PM

घुमारवीं पुलिस द्वारा पकड़ी गई 4 किलो 100 ग्राम चरस की बड़ी खेप के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। इस नशा तस्करी नैटवर्क की परतें उधेड़ते हुए पुलिस ने एक और अहम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बिलासपुर (बंशीधर): घुमारवीं पुलिस द्वारा पकड़ी गई 4 किलो 100 ग्राम चरस की बड़ी खेप के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। इस नशा तस्करी नैटवर्क की परतें उधेड़ते हुए पुलिस ने एक और अहम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ताजा कार्रवाई में पुलिस ने 32 वर्षीय यशवंत सिंह को गिरफ्तार किया है, जो मंडी जिले की उपतहसील बालीचौकी के तहत आने वाले गांव बाहण का निवासी है। आरोपी यशवंत इस मामले में पायलट की भूमिका निभा रहा था। वह चरस की खेप ले जा रहे मुख्य वाहन के आगे-आगे अपनी कार चला रहा था, ताकि रास्ते में पुलिस की नाकाबंदी या किसी अन्य खतरे की भनक लगते ही वह पीछे आ रहे तस्करों को अलर्ट कर सके। पुलिस ने आरोपी यशवंत की कार (HP 87AA-0860) को भी कब्जे में ले लिया है।
गौरतलब है कि 26 जून को घुमारवीं पुलिस ने 4.100 किलोग्राम चरस बरामद कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। यशवंत की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में कुल 4 लोग पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि नशे की इतनी बड़ी खेप का मुख्य स्रोत कहां था, इसे किस जगह डिलीवर किया जाना था और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के पूरे नैटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए हर पहलू को खंगाला जा रहा है और सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें