Edited By Swati Sharma, Updated: 18 May, 2026 06:24 PM

HP Panchayat Election : हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव को लेकर सियासत गरमाई हुई है। इस बीच सोलन जिले के विकास खंड कुनिहार में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बैलेट पेपर लेखन कार्य के बीच दो बैलेट पेपर गायब हो गए। मामला सामने आने से...
HP Panchayat Election : हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव को लेकर सियासत गरमाई हुई है। इस बीच सोलन जिले के विकास खंड कुनिहार में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बैलेट पेपर लेखन कार्य के बीच दो बैलेट पेपर गायब हो गए। मामला सामने आने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं, प्रशासन ने आठ कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
मचा हड़कंप
खंड विकास अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दो बैलेट पेपर गायब पाए जाने के बाद लेखन कार्य में तैनात आठ कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस थाना कुनिहार में एफआईआर दर्ज करवाई है। इनमें संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) भी शामिल हैं। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सभी संबंधित कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी से हटा दिया है। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि गायब हुए बैलेट पेपर एक अति-महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं, जिनका गुम होना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। मामले से जुड़े सभी रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
जांच जारी
उधर, डीएसपी सोलन अशोक चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें