Edited By Vijay, Updated: 14 Jun, 2026 12:48 PM

मंडी जिले के उपमंडल करसोग से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां सनारली क्षेत्र में 24 वर्षीय एक युवक ने खौफनाक कदम उठाते हुए फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है।
करसोग (धर्मवीर गाैतम): मंडी जिले के उपमंडल करसोग से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां सनारली क्षेत्र में 24 वर्षीय एक युवक ने खौफनाक कदम उठाते हुए फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। युवक की मौत की खबर जैसे ही इलाके में फैली ताे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुरेश उर्फ सज्जू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गांव वखरास, डाकघर वखरौट व तहसील करसोग का रहने वाला था। सुरेश पेशे से एक वाहन चालक था और इन दिनों सनारली में एक किराए के कमरे में रह रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार देर शाम उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। युवक ने अपने कमरे के साथ बने किचन में पंखे के कुंडे से फंदा लगा लिया। जब तक किसी को इस बात की भनक लगती, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही करसोग पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल करसोग पहुंचाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार को शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि आखिर 24 साल के इस युवा ने मौत को गले क्यों लगाया। पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है।
इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए करसोग के डीएसपी चांद किशोर ने बताया कि सनारली क्षेत्र में एक युवक द्वारा फंदा लगाकर जान देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए गंभीरता से जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें