Edited By Vijay, Updated: 03 Jun, 2026 05:57 PM

पालमपुर के होनहार युवा चिकित्सक डॉ. अमोल सूद ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए एमसीएच (ब्रेस्ट, एंडोक्राइन एवं जनरल सर्जरी) प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त किया है।
पालमपुर (भृगु): पालमपुर के होनहार युवा चिकित्सक डॉ. अमोल सूद ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए एमसीएच (ब्रेस्ट, एंडोक्राइन एवं जनरल सर्जरी) प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त किया है। वर्तमान में वह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नई दिल्ली में सुपर-स्पेशियलिटी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। हाल ही में नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एम्स के 51वें दीक्षांत समारोह में उन्हें एमएस जनरल सर्जरी की डिग्री प्रदान की गई। समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्यातिथि रहे, जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी उपस्थित रहे। डॉ. अमोल सूद ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट एडवर्ड्स स्कूल और बाद में डीएवी स्कूल से प्राप्त की। वर्ष 2016 में उन्होंने एम्स एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-13, जेआईपीएमईआर में रैंक-21 और नीट में ऑल इंडिया रैंक-56 हासिल कर हिमाचल प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया था।
एमबीबीएस में ओवरऑल टॉपर, 8 स्वर्ण पदकों से नवाजे गए
एम्स नई दिल्ली में एमबीबीएस के दौरान उन्होंने ओवरऑल रैंक-1 प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि के लिए उनका नाम एम्स निदेशक कार्यालय के मेरिट बोर्ड पर अंकित किया गया। वर्ष 2023 के दीक्षांत समारोह में उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आठ स्वर्ण पदक और कई प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किए गए। डॉ. सूद ने मलेशिया, अमेरिका और ब्रिटेन में विभिन्न शैक्षणिक एवं शोध कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय में रिसर्च इलैक्टिव किया और बोस्टन में आयोजित वर्ल्ड कांग्रेस ऑन थायराइड कैंसर में अपना शोध पत्र भी प्रस्तुत किया। उनके नाम कई शोध प्रकाशन और वैज्ञानिक प्रस्तुतियां दर्ज हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया प्रदेश का नाम
डॉ. अमोल सूद अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता डॉ. अजय सूद और डॉ. प्रीति सूद के मार्गदर्शन को देते हैं। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल पालमपुर बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है और वे चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें