Edited By Kuldeep, Updated: 14 Sep, 2026 10:07 PM

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के सोमवार को हुए पुनर्गठन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पुनीत मल्ली को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के सोमवार को हुए पुनर्गठन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पुनीत मल्ली को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने मीडिया के माध्यम से सरकार और संगठन की नीतियों, उपलब्धियों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के लिए प्रवक्ताओं को अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी हैं। मल्ली लंबे समय से कांग्रेस की नीतियों और सरकार के पक्ष को विभिन्न मंचों पर मजबूती से रखने में सक्रिय रहे हैं।
संगठन की ओर से उन्हें प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी देने को पार्टी के मीडिया पक्ष को और मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। वह राजनीतिक व जनता से जुड़े मुद्दों पर लगातार कांग्रेस का पक्ष रखते रहे हैं। अब प्रदेश प्रवक्ता के तौर पर उनकी भूमिका सरकार की उपलब्धियों और कांग्रेस संगठन की नीतियों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही विपक्ष के आरोपों का तथ्यात्मक जवाब देने में भी अहम रहेगी। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खू और कांग्रेस प्रचार विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा सहित राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया है।
युवा कांग्रेस से शुरू किया सियासी सफर
पुनीत मल्ली ने वर्ष 2002 में तत्कालीन युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में अपना सियासी सफर शुरू किया। वह युकां में ब्लाॅक, जिला और प्रदेश स्तर पर कई पदों पर रहे। पूर्व में वह हिमाचल कांग्रेस कमेटी में प्रदेश सचिव, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट और सह प्रवक्ता की जिम्मेदारियां भी निभा चुके हैं।