Edited By Kuldeep, Updated: 26 Sep, 2026 09:15 PM

हरिपुर भाजपा मंडल की संगठनात्मक बैठक के बाद शनिवार को भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कथित नाकामियों और जन विरोधी नीतियों के खिलाफ देहरा में आक्रोश रैली निकाली।
देहरा (सेठी): हरिपुर भाजपा मंडल की संगठनात्मक बैठक के बाद शनिवार को भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कथित नाकामियों और जन विरोधी नीतियों के खिलाफ देहरा में आक्रोश रैली निकाली। रैली भाजपा जिला कार्यालय से शुरू होकर सम्राट पृथ्वीराज चौहान चौक तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्त्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रोष जताया। रैली में भाजपा जिला देहरा अध्यक्ष अजय खट्टा, हरिपुर मंडल अध्यक्ष रोमन भक्कल, पूर्व विधायक होशियार सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्त्ता और समर्थक शामिल हुए। सम्राट पृथ्वीराज चौहान चौक पर कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक होशियार सिंह ने कहा, “जिस प्रकार आज जनता ने तीर-कमान उठाया है, उसी तरह देहरा की जनता ने भी तीर-कमान उठा लिया है।” उन्होंने दावा किया कि जनता ने मौजूदा सरकार को यहां से हराने का मन बना लिया है।
होशियार सिंह ने प्रदेश सरकार पर मनमाने तरीके से काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की नीतियों को अब सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्त्ताओं से एकजुट होकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और सरकार के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। रैली के दौरान कार्यकर्त्ताओं में सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए नारेबाजी की गई।