Edited By Kuldeep, Updated: 28 Oct, 2026 09:25 PM

देहरा क्षेत्र में दो स्कूटियां चोरी होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई दोनों स्कूटियां भी बरामद कर ली हैं।
देहरा (सेठी): देहरा क्षेत्र में दो स्कूटियां चोरी होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई दोनों स्कूटियां भी बरामद कर ली हैं। बुधवार को आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 31 अक्तूबर तक 4 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, 27 अक्तूबर की रात हैल्पलाइन नंबर 112 के माध्यम से थाना देहरा को स्कूटी चोरी होने की सूचना मिली थी। शिकायतकर्त्ता विशाल कुमार निवासी गांव लडाणा, डाकघर बरवाड़ा, तहसील देहरा, जिला कांगड़ा की स्कूटी सहित एक अन्य व्यक्ति की स्कूटी अज्ञात लोगों ने चोरी कर ली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने घटनास्थल से एक संदिग्ध को पकड़ लिया, जबकि जंगल की ओर भागे दो अन्य आरोपियों को तकनीकी जांच और स्थानीय लोगों की मदद से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों चोरी की गईं स्कूटियां भी बरामद कर लीं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार (19), निवासी गुप्त गंगा, जिला कांगड़ा, रोहित चौधरी (20), निवासी जमानाबाद, जिला कांगड़ा तथा आकर्ष (19), निवासी दुगियारी, डाकघर गगल, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस थाना देहरा में मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय ने तीनों आरोपियों को 31 अक्तूबर तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए हैं। मामले में आगामी जांच जारी है।