Edited By Vijay, Updated: 19 Sep, 2026 09:47 AM

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) की अनुपालना करते हुए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। विश्वविद्यालय ने चार वर्षीय स्नातक (यूजी ऑनर्स) डिग्री पूरी करने वाले छात्रों के लिए एक...
शिमला (ब्यूरो): राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) की अनुपालना करते हुए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। विश्वविद्यालय ने चार वर्षीय स्नातक (यूजी ऑनर्स) डिग्री पूरी करने वाले छात्रों के लिए एक वर्षीय मास्टर डिग्री का नया विकल्प शुरू करने का निर्णय लिया है। यह नई शैक्षणिक व्यवस्था इग्नू द्वारा जुलाई 2026 के सत्र से लागू की जाएगी, जिससे छात्रों का समय बचेगा और वे तेजी से उच्च शिक्षा पूरी कर सकेंगे।
इस नई पहल के तहत 4 वर्षीय यूजी ऑनर्स डिग्री उत्तीर्ण करने वाले छात्र सीधे एक वर्षीय मास्टर कोर्स में दाखिला ले सकेंगे। इग्नू द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, छात्रों को विकास अध्ययन, अर्थशास्त्र, इतिहास, समाजशास्त्र, हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, संस्कृत, पत्रकारिता एवं जनसंचार तथा एम.कॉम जैसे प्रमुख विषयों में यह एक वर्षीय डिग्री हासिल करने का विकल्प मिलेगा।
इसके साथ ही, विश्वविद्यालय ने छात्रों को राहत देते हुए प्रवेश और पुन: पंजीकरण (री-रजिस्ट्रेशन) की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी है। इग्नू ने जुलाई सत्र के लिए विभिन्न मास्टर और बैचलर डिग्री कोर्सेज में पुन: पंजीकरण की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 30 सितम्बर कर दिया है। इसके अलावा, मास्टर, बैचलर और डिप्लोमा कोर्सेज में नए प्रवेश की समय सीमा भी 30 सितम्बर तक बढ़ा दी गई है। हालांकि, विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह विस्तार सर्टिफिकेट और सेमेस्टर आधारित कोर्सेज के नए प्रवेश पर लागू नहीं होगा।
इग्नू के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. जोगेंद्र कुमार यादव ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रवेश और पुन: पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन संचालित की जा रही है। आवेदन के लिए आधिकारिक लिंक इग्नू की वैबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है। डॉ. यादव ने अपील की है कि जो भी विद्यार्थी इग्नू के माध्यम से उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं, वे इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित अंतिम तिथि 30 सितम्बर तक अपना ऑनलाइन आवेदन अवश्य पूरा कर लें।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें