Weather Update: हिमाचल में फिर सक्रिय होगा मानसून, अब तक 513 लोगों की हुई मौत

Edited By Kuldeep, Updated: 09 Sep, 2026 07:40 PM

shimla weather bad

हिमाचल में इस बार 30 जून से 9 सितम्बर तक मानसून सीजन के दौरान भले ही औसतन सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई हो, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश को भारी तबाही का सामना करना पड़ा है।

शिमला (संतोष): हिमाचल में इस बार 30 जून से 9 सितम्बर तक मानसून सीजन के दौरान भले ही औसतन सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई हो, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश को भारी तबाही का सामना करना पड़ा है। मानसून की आपदाओं में अब तक 513 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि बुनियादी ढांचे और निजी संपत्ति को 1,550 करोड़ रुपए से अधिक का नुक्सान हुआ है। इस बीच मौसम विभाग ने 13 सितम्बर से प्रदेश में मानसून के एक बार फिर सक्रिय होने का पूर्वानुमान जताया है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार आपदाओं के कारण 513 लोगों की मौत हुई है, जबकि 4 लोग अभी भी लापता हैं। प्रदेश को कुल 1,550 करोड़ रुपए की संपत्ति का नुक्सान झेलना पड़ा है। बुधवार शाम तक राज्य भर में 64 सड़कें यातायात के लिए ठप्प पड़ी हैं। इनमें सबसे अधिक मंडी जिला में 31 और कुल्लू जिले में 11 सड़कें बाधित हैं। कुल्लू में 1 बिजली ट्रांसफार्मर ठप्प होने से बिजली कटी हुई है, वहीं शिमला जिले में 2 मुख्य पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के 4 जिलों में सामान्य से कम और 8 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। लाहौल-स्पीति में सामान्य से रिकॉर्ड 99 फीसदी कम, चम्बा में 64, ऊना में 31 और कुल्लू में 22 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सिरमौर में मानसून सबसे ज्यादा मेहरबान रहा, जहां सामान्य से 68 फीसदी अधिक और किन्नौर में 73 फीसदी अधिक बारिश हुई। हमीरपुर में 23 प्रतिशत, मंडी में 21, शिमला में 10 प्रतिशत, कांगड़ा में 9 प्रतिशत और सोलन में 2 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान हिमाचल में सामान्य से 39 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई थी।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 10 से 12 सितम्बर के दौरान उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा, जबकि निचले व मध्य इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है। 13 सितम्बर से मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगा। 14 और 15 सितम्बर को पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। मौसम विभाग ने फिलहाल 15 सितम्बर तक प्रदेश में भारी बारिश को लेकर कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!