Edited By Vijay, Updated: 29 May, 2026 05:06 PM

हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बॉर्डर पर एक बेहद दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। जगाधरी-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाल ढांग के पास मक्की के बोरों से भरा एक बेकाबू ट्रक दो बाइकों पर पलट गया।
पांवटा साहिब (कपिल): हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बॉर्डर पर एक बेहद दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। जगाधरी-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाल ढांग के पास मक्की के बोरों से भरा एक बेकाबू ट्रक दो बाइकों पर पलट गया। इस खौफनाक हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। जान गंवाने वालों में एक पिता और उनकी दो मासूम बेटियां शामिल हैं। यह हंसता-खेलता परिवार हिमाचल प्रदेश स्थित रेणुका जी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही इस भयंकर हादसे का शिकार हो गया।
ढलान पर बेकाबू होकर रॉन्ग साइड घुसा ट्रक
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कलेसर नेशनल पार्क के जंगली इलाके में हुआ। परिवार शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे घर से निकला था। सफर का आनंद लेते हुए वे जंगल का अधिकांश हिस्सा पार कर चुके थे और लाल ढांग के पास पहुंच गए थे, जहां से हिमाचल प्रदेश की सीमा शुरू होती है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इसी दौरान पहाड़ी ढलान और एक तीखे मोड़ से नीचे उतरते समय सामने से आ रहा मक्की से लदा ट्रक अचानक असंतुलित हो गया। बेकाबू ट्रक हिचकोले खाते हुए रॉन्ग साइड (गलत दिशा) में आ गया और पहाड़ी की चढ़ाई की ओर बढ़ रही परिवार की दोनों बाइकों पर जा पलटा।
रेलिंग और पहाड़ी के बीच फंसे, बचने का नहीं मिला मौका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब ट्रक अनियंत्रित होकर उनकी तरफ आया, तो बाइक सवारों ने खुद को बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन सड़क के किनारे लगी रेलिंग और दूसरी ओर ऊंची पहाड़ी होने के कारण उन्हें बचने का कोई रास्ता नहीं मिला। चंद ही सैकेड में भारी-भरकम ट्रक दोनों बाइकों के ऊपर पलट गया। टक्कर लगते ही एक बाइक पर सवार महिला ऊषा छिटक कर दूर जा गिरीं, जिससे उनकी जान तो बच गई, लेकिन बाकी चारों लोगों ट्रक के नीचे दब गए।
घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर
चुहड़पुर कलां निवासी 45 वर्षीय राजेंद्र धीमान लकड़ी और रिपेयरिंग का काम करते थे। इस सफर में उनके साथ गांव दौलतपुर निवासी फूल सिंह (राजेंद्र की बहन के देवर) भी शामिल थे। यात्रा के दौरान राजेंद्र की दोनों बेटियां फूल सिंह की बाइक पर बैठी थीं, जबकि पत्नी ऊषा (40) अपने पति राजेंद्र के साथ दूसरी बाइक पर सवार थीं। इस दर्दनाक हादसे में राजेंद्र धीमान (45), उनकी बेटी सिमरन उर्फ सिम्मी (14), दूसरी बेटी मिनल उर्फ मिनी (12) और फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूर गिरने की वजह से बचीं राजेंद्र की पत्नी ऊषा गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें