Edited By Vijay, Updated: 17 Oct, 2026 02:54 PM

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ऊना-रामपुर लिंक रोड पर एक युवक को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
ऊना (विशाल): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ऊना-रामपुर लिंक रोड पर एक युवक को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की तो वहां से भी भारी मात्रा में चिट्टे की खेप बरामद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सिटी पुलिस चौकी के एएसआई राजीव कुमार के नेतृत्व में एक टीम इलाके में गश्त कर रही थी। जब पुलिस टीम 84 पौड़ियों के नीचे स्थित होमगार्ड कार्यालय के पास पहुंची तो वहां से पैदल गुजर रहे एक संदिग्ध युवक को पूछताछ के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान युवक के पास से 1.79 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान पंकज पुरी निवासी वार्ड नंबर 7 (ऊना) के रूप में हुई है।
सड़क पर हुई इस रिकवरी के बाद पुलिस ने तफ्तीश को आगे बढ़ाया और तुरंत आरोपी पंकज पुरी के घर पर दबिश दी। घर की गहनता से तलाशी लेने पर पुलिस टीम को वहां से 15.02 ग्राम चिट्टा और बरामद हुआ। पुलिस ने कुल मिलाकर 16.81 ग्राम चिट्टे के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी सचिन हीरेमठ ने स्पष्ट किया कि ऊना जिला पुलिस का उद्देश्य केवल नशे की छोटी खेप पकड़ना और आरोपियों को गिरफ्तार करना भर नहीं है, बल्कि नशे के इस काले कारोबार की पूरी सप्लाई चेन को जड़ से खत्म करना है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक्स को बारीकी से खंगाल रही है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
एसपी ऊना ने आम जनता से नशे के खिलाफ इस जंग में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी नागरिक के आसपास चिट्टा या अन्य मादक पदार्थों की बिक्री अथवा तस्करी हो रही है, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। एसपी ने कहा कि आपकी दी गई एक सूचना किसी युवा का भविष्य बर्बाद होने से बचा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें