Edited By Vijay, Updated: 29 Aug, 2026 07:26 PM

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को कांगड़ा जिले के देहरा और जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की जनता को करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी और प्रशासनिक, स्वास्थ्य तथा पेयजल से...
देहरा (सेठी): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को कांगड़ा जिले के देहरा और जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की जनता को करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी और प्रशासनिक, स्वास्थ्य तथा पेयजल से जुड़ी कई अहम घोषणाएं कीं। देहरा के बढलठोर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने 46 करोड़ रुपए की लागत से प्रदेश की पहली ओजोन आधारित पेयजल उपचार परियोजना स्थापित करने का ऐलान किया। सीएम ने कहा कि दूषित पानी से बीमारियों का खतरा रहता है, इसलिए लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके अलावा बढलठोर में एक पशु चिकित्सालय खोलने की भी घोषणा की गई।
डाडासीबा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यहां नया एसडीएम कार्यालय खोलने की घोषणा की, जिसकी अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी। इससे लोगों को स्थानीय स्तर पर ही प्रशासनिक सेवाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा कस्बा कोटला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 24 घंटे चालू रखने के निर्देश दिए। सीएम ने बाड़ी में 95 लाख रुपए से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया, साथ ही डाडासीबा स्कूल में 1.80 करोड़ के विज्ञान खंड, 4.85 करोड़ के सड़क कार्यों और अलोह में 37 लाख से बनने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्र की आधारशिला रखी।
मछुआरों के खातों में ट्रांसफर किए 35 लाख रुपए
मछुआरा समुदाय के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री मत्स्य सम्मान निधि योजना के तहत 1,012 परिवारों को लगभग 35 लाख रुपए की वित्तीय सहायता डीबीटी के माध्यम से जारी की। उन्होंने कहा कि वर्ष के कुछ महीनों में मछुआरों को आजीविका की समस्या होती है, जिसे देखते हुए यह योजना शुरू की गई है। योजना को लागू करने से पहले राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया से भी विशेष चर्चा की गई थी।
2 अक्तूबर से शुरू होगी मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना
मुख्यमंत्री ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 2 अक्तूबर (गांधी जयंती) से जिला सोलन से प्रदेश के अति गरीब परिवारों के लिए मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना शुरू की जाएगी। पंचायत स्तर पर ऐसे 2 लाख परिवारों का चयन किया गया है, जो पहले कभी आईआरडीपी या बीपीएल सूची में शामिल नहीं हो पाए। इस योजना के तहत इन परिवारों को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओं को 1500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
पैंशनर्ज को मिलेगा 20 से 35 प्रतिशत तक एरियर
कर्मचारियों और पैंशनर्ज के हकों पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार क्लास-3 पैंशनर्ज को उनके एरियर का 35 प्रतिशत और क्लास-4 पैंशनर्ज को 20 प्रतिशत हिस्सा देने जा रही है। उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि हर साल राज्य के आरडीजी (RDG) से 8,000 करोड़ रुपए की कटौती न की गई होती, तो आज हिमाचल प्रदेश पूरी तरह आत्मनिर्भर होता और सरकार कल्याणकारी योजनाओं में और अधिक राशि दे पाती।
चनौर मंदिर में पत्नी संग की पूजा-अर्चना
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी व देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर के साथ चनौर स्थित भगवान श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में माथा टेका और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर जसवां-प्रागपुर से कांग्रेस नेता सुरिंदर मनकोटिया ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर क्षेत्र की मांगें उनके समक्ष रखीं। कार्यक्रम में ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन, फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया, पूर्व विधायक योगराज और केवट कल्याण बोर्ड के सदस्य मदन लाल डोगरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें