Edited By Kuldeep, Updated: 08 Oct, 2026 10:09 PM

विश्व प्रसिद्ध ट्रैकिंग स्थल त्रियुंड, कारथानी और लुंटा में 10 और 11 अक्तूबर को पर्यटकों के लिए रात्रि कैंपिंग पूरी तरह बंद रहेगी।
धर्मशाला (सुनील): विश्व प्रसिद्ध ट्रैकिंग स्थल त्रियुंड, कारथानी और लुंटा में 10 और 11 अक्तूबर को पर्यटकों के लिए रात्रि कैंपिंग पूरी तरह बंद रहेगी। धर्मशाला वन मंडल ने ट्रैकिंग रूटों की मुरम्मत और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के चलते इन क्षेत्रों में रात के समय रुकने और तंबू लगाने पर रोक लगाई है। हालांकि पर्यटक दिन के समय ट्रैकिंग कर सकेंगे। वन विभाग के आदेशों के मुताबिक दोनों दिन संबंधित रेंज ऑफिसर और फील्ड स्टाफ मौके पर तैनात रहेंगे। विभागीय टीमें पूरे क्षेत्र में निगरानी रखेंगी और किसी भी व्यक्ति को निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर रात में कैंपिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी।
विभाग ने टूर ऑप्रेटरों और एजैंसियों को भी 10 और 11 अक्तूबर के लिए कैंपिंग टिकट और परमिट जारी नहीं करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ वन अधिनियम और अन्य लागू नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। डीएफओ धर्मशाला अमित शर्मा का कहना है कि ट्रैकिंग मार्गों के उचित रखरखाव और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए दो दिनों के लिए रात्रि कैंपिंग पर रोक लगाई गई है। पर्यटकों और ट्रैकर्स से विभागीय आदेशों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।