Edited By Vijay, Updated: 09 Oct, 2026 04:45 PM

विधानसभा क्षेत्र जसवां परागपुर के डाडासीबा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत कहानपुर में वन विभाग की टीम ने लकड़ी तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने नाकेबंदी के दौरान प्रतिबंधित लकड़ी से भरा एक पिकअप ट्राला जब्त किया है।
संसारपुर टैरस (अरविंद): विधानसभा क्षेत्र जसवां परागपुर के डाडासीबा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत कहानपुर में वन विभाग की टीम ने लकड़ी तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने नाकेबंदी के दौरान प्रतिबंधित लकड़ी से भरा एक पिकअप ट्राला जब्त किया है। चालक मौके पर लकड़ी से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद विभाग ने वाहन को कब्जे में लेकर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वन खंड अधिकारी मलकीत सिंह की अगुवाई में टीम शुक्रवार अलसुबह कहानपुर क्षेत्र में गश्त और नियमित चैकिंग पर थी। इसी दौरान एक पिकअप ट्राला (HP 83A-6758) वहां से गुजरा, जिसे टीम ने जांच के लिए रोका। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित लकड़ी लदी हुई पाई गई। वन विभाग के अधिकारियों ने जब चालक से लकड़ी के परिवहन से संबंधित परमिट या दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी कागजात पेश करने में असमर्थ रहा।
वन खंड अधिकारी मलकीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़ी गई प्रतिबंधित लकड़ी लपियाणा वन रेंज के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र से काटी गई है। विभाग अब इस बात की बारीकी से पड़ताल कर रहा है कि यह लकड़ी सटीक रूप से किस वन बीट से काटी गई थी, इसे तस्करी कर कहां ले जाया जा रहा था और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग संलिप्त हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए डाडासीबा वन परिक्षेत्र अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि कहानपुर में नाके के दौरान अवैध रूप से ले जाई जा रही प्रतिबंधित लकड़ी को पकड़ा गया है। वन विभाग ने ट्राले को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। वन कटान और तस्करी से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और जो भी इस मामले में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें