Edited By Vijay, Updated: 12 Jul, 2026 05:15 PM

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में शादी के नाम पर ठगी का एक बड़ा संगठित गिरोह सक्रिय होने की आशंका है। उपमंडल गगरेट के अम्बोटा गांव में कुछ ही दिनों के भीतर लुटेरी दुल्हन का यह दूसरा मामला सामने आया है।
गगरेट (बृज): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में शादी के नाम पर ठगी का एक बड़ा संगठित गिरोह सक्रिय होने की आशंका है। उपमंडल गगरेट के अम्बोटा गांव में कुछ ही दिनों के भीतर लुटेरी दुल्हन का यह दूसरा मामला सामने आया है। पंजाब के जालंधर से ब्याह कर लाई गई एक दुल्हन शादी के चंद घंटों बाद ही रात के अंधेरे में फरार हो गई। हालांकि, इस बार दूल्हा पक्ष की सतर्कता और चालाकी के चलते ठगी होने से बच गई और दुल्हन को उसकी मां सहित बीच रास्ते में ही दबोच लिया गया।
दूल्हे ने पहनाए थे आर्टिफिशियल गहने
इस पूरे घटनाक्रम में दूल्हा पक्ष की सूझबूझ काम आई। परिवार ने दावा किया है कि पिछले मामले से सबक लेते हुए उन्होंने एहतियात बरती थी और दुल्हन को असली की बजाय आर्टिफिशियल गहने पहनाए थे। शादी के बाद दुल्हन बार-बार यही पूछ रही थी कि गहने असली हैं या नहीं। जब उसे (झूठ बोलकर) बताया गया कि गहने असली हैं, तो वह मौका पाकर घर से भाग निकली। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि उसका मकसद वैवाहिक जीवन बसाना नहीं, बल्कि गहने और नकदी लेकर भागना था।
रात के समय पैदल भागते हुए मां-बेटी को पकड़ा
जानकारी के अनुसार जालंधर से आई इस दुल्हन की विधिवत शादी और फेरे संपन्न हो चुके थे। घर में शादी की अन्य रस्में चल रही थीं। इसी बीच देर रात मौका देखकर दुल्हन चुपचाप घर से खिसक गई। जैसे ही दूल्हा पक्ष को इसकी भनक लगी, उन्होंने तुरंत पीछा किया और कुछ ही दूरी पर पैदल जा रही दुल्हन और उसकी मां को पकड़ लिया।
थाने में हुआ समझौता, कोई ठोस कारण नहीं बता पाई दुल्हन
पकड़े जाने के बाद दोनों पक्षों को पुलिस थाना ले जाया गया। वहां पुलिस की पूछताछ में दुल्हन अपने पति के साथ न रहने का कोई ठोस कारण नहीं बता पाई। उसने सिर्फ इतना कहा कि वह यहां नहीं रहना चाहती। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया और पुलिस में कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं हुआ।
कुछ दिन पहले अमृतसर की दुल्हन उड़ा ले गई थी 70 हजार व गहने
अम्बोटा गांव के लोग इन लगातार हो रही घटनाओं से दहशत में हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी गांव में अमृतसर से ब्याह कर लाई गई एक अन्य दुल्हन करीब 70 हजार रुपए नकद और गहने लेकर फरार हो गई थी। उसके साथी पहले से ही कार लेकर बाहर इंतजार कर रहे थे। उस मामले की पुलिस जांच अभी भी जारी है। लगातार सामने आए इन दो मामलों ने यह अंदेशा पुख्ता कर दिया है कि पंजाब से कोई संगठित गिरोह संचालित हो रहा है, जो हिमाचल के भोले-भाले परिवारों को शादी के जाल में फंसाकर लूट रहा है।
पुलिस की अपील, अनजान बिचौलियों से रहें सावधान
लगातार बढ़ रहे ऐसे मामलों पर डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि शादी तय करने से पहले लड़की और उसके परिवार की पूरी पृष्ठभूमि की गहनता से जांच-पड़ताल करें। किसी भी अनजान व्यक्ति या बिचौलिए के कहने पर बिना पुलिस सत्यापन के रिश्ता तय न करें। रिश्ते हमेशा जान-पहचान वाले और विश्वसनीय लोगों के माध्यम से ही करें, ताकि ऐसी ठगी का शिकार होने से बचा जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें