Una News: 4 दिन से लापता युवती का जंगल में मिला शव, 3 महीने बाद उठनी थी डोली

Edited By Vijay, Updated: 23 Jul, 2026 11:05 PM

body of the girl missing for 4 days found in the forest

ऊना जिले के गगरेट उपमंडल के अंतर्गत आने वाले गांव अंबोआ में एक दुखद घटना सामने आई है। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता चल रही 26 वर्षीय युवती का शव वीरवार को जंगल में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

दौलतपुर चौक (रोहित): ऊना जिले के गगरेट उपमंडल के अंतर्गत आने वाले गांव अंबोआ में एक दुखद घटना सामने आई है। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता चल रही 26 वर्षीय युवती का शव वीरवार को जंगल में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान वैशाली (26) के रूप में हुई है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां शव पहुंचने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।

4 दिन से चल रही थी तलाश
जानकारी के अनुसार वैशाली रविवार को अचानक घर से लापता हो गई थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो चिंतित परिजनों ने अपने स्तर पर और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की। कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस उसकी तलाश कर ही रही थी कि वीरवार को अंबोआ के जंगल में एक युवती का शव मिलने की सूचना आई। मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने शव की शिनाख्त लापता वैशाली के रूप में की।

पेड़ की टहनी और दुपट्टे ने उलझाई मौत की गुत्थी
प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिन्होंने मामले को बेहद संदिग्ध बना दिया है। पुलिस के अनुसार जिस आम के पेड़ की टहनी से युवती का दुपट्टा बंधा मिला है, वह अपेक्षाकृत काफी पतली और कम ऊंचाई पर है। सबसे हैरानी की बात यह है कि दुपट्टे के दूसरे सिरे पर कोई गांठ नहीं मिली है। घटनास्थल पर युवती का मोबाइल फोन और नकदी पूरी तरह सुरक्षित मिले हैं, जिससे लूटपाट की आशंका खारिज होती है। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हर संभावित पहलू (हत्या और आत्महत्या) से मामले की गहनता से जांच कर रही है।

3 माह बाद होनी थी शादी, अधूरी रह गईं तैयारियां
इस दुखद घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। उल्लेखनीय है कि 3 माह बाद ही वैशाली की शादी होने वाली थी। परिवार में विवाह की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं और भविष्य को लेकर बुने गए उसके सारे सपने अब हमेशा के लिए अधूरे रह गए हैं। वैशाली पढ़ाई में काफी मेधावी थी। गांव के लोग और शिक्षक उसे एक मेहनती, शांत स्वभाव और होनहार युवती के रूप में याद कर रहे हैं। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।

साक्ष्य जुटाने पहुंची आरएफएसएल की टीम
मामले की गंभीरता और रहस्यमय परिस्थितियों को देखते हुए घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए आरएफएसएल की टीम को बुलाया गया है। टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से साक्ष्य जुटाए हैं। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरैंसिक जांच और पुलिस की विस्तृत तफ्तीश के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की कर रही जांच : डीएसपी
डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवती रविवार से लापता थी और अब उसका शव अंबोआ के जंगल में मिला है। आरएफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगामी कार्रवाई कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!