Edited By Vijay, Updated: 25 Apr, 2026 01:10 PM

कांगड़ा जिला के शाहपुर उपमंडल के अंतर्गत धनोटू में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक पंप ऑप्रेटर की पानी के टैंक में गिरने से मौत हो गई।
शाहपुर (ब्यूरो): कांगड़ा जिला के शाहपुर उपमंडल के अंतर्गत धनोटू में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक पंप ऑप्रेटर की पानी के टैंक में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कुटेहड़ पंचायत के लदवाड़ा गांव निवासी मलकीत सिंह के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मलकीत सिंह बीते शुक्रवार को अपनी ड्यूटी के दौरान पानी के टैंक को संचालित (ऑप्रेट) करने के लिए वहां पहुंचे थे। आशंका जताई जा रही है कि टैंक के पास काम करते समय उनका पैर फिसल गया, जिससे वह सीधे पानी के टैंक में जा गिरे और उनकी मौत हो गई।
हादसे का पता तब चला जब दूसरी शिफ्ट का कर्मचारी अपनी ड्यूटी करने पहुंचा। उसने टैंक में मलकीत सिंह का शव तैरता हुआ देखा, जिसे देखकर वह सन्न रह गया। उसने तुरंत विभाग के उच्चाधिकारियों और पुलिस को इस दुखद घटना की सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और राहत कार्यों की निगरानी की।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से शव को टैंक से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें